विवाहिता की हत्या में आरोपी पति गिरफ्तार, मौत बाद कर दिया था अंतिम संस्कार, मृतका के भाई ने ससुराल वालों पर दर्ज कराया हत्या का मुकदमा

 

बस्ती। मुण्डेरवा पुलिस ने विवाहिता की दहेज हत्या में वांछित पति को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।
मुण्डेरवा थाना क्षेत्र के एकडंगी निवासी विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर देने, आनन फानन में शव का अंतिम संस्कार कर देने के मामले में उसके पति, सास, ससुर, देवर, ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। मुण्डेरवा पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और डीपी एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुखबिर की सूचना पर आरोपी पति राहुल की सोमवार को उमरी अहरा से गिरफ्तारी कर आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण कर न्यायालय के लिए रवाना किया गया ।
बता दें कि संतकबीरनगर जिले के धनघटा थाना क्षेत्र के बकौली गांव निवासी संदीप कुमार ने मुण्डेरवा थाना क्षेत्र के एकडंगी निवासी राहुल और उसके परिवार वालो पर अपनी बहन की गला दबाकर हत्या कर देने का आरोप लगाया है। पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि उसकी 25 वर्षीय छोटी बहन की शादी एकडंगी निवासी राहुल के साथ 5 वर्ष पूर्व हुई थी। शादी के एक वर्ष बाद से ही ससुराल वालो द्वारा उसकी बहन को दहेज के लिये प्रताडित किया जाने लगा था। जब मायके में परिवार वालो को इस बात की जानकारी हुई तो आपस मे बातचीत कर बहन की ससुराल वालों से मौखिक रुप से सुलह समझौता हो गया। जिसका बहन की ससुराल वालो ने नाजायज फायदा उठाया। बहन को दहेज के लिए प्रताडित करना बन्द नहीं किया। 24 अक्टूबर को दहेज लोभ मे उसकी बहन का गला दबाकर हत्या कर दिया। साजिशन उसके शव का आनन फानन मे दाह संस्कार कर दिया। मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर पुलिस ने उसकी बहन के पति राहुल, ससुर राजेन्द्र, देवर सोनू, धीरज, दो ननद, सास के खिलाफ बीएनएस और डीपी एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया था।