बस्ती – पंच महापर्वों का मुख्य पर्व दीपावली हमारे घर की सफाई का ठेकेदार तो है ही साथ ही मन की मलिनता और अज्ञान को दूर करके मन की पवित्रता और ज्ञान के प्रकाश से स्वयं को आलोकित करने का भी महापर्व है। यह हमें धन धान्य से पूर्ण होकर समाज को पोषित करने का भी संदेश देता है। दीपावली पर नव अन्न, मिष्ठान्न और औषधि युक्त हवन सामग्री से यज्ञ करने से वातावरण भी शुद्ध होगा जो हमारे त्यौहार मनाने के उत्साह को चौगुना कर देगा। यह बातें आर्य समाज नई बाजार बस्ती में आयोजित साप्ताहिक सत्संग के अवसर पर जन सामान्य को दीपावली का संदेश देते हुए ओम प्रकाश आर्य प्रधान आर्य समाज नई बाजार बस्ती ने कही। उन्होंने लोगों को सौहार्द्रपूर्ण पर्व मनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर योग प्रशिक्षक गरुण ध्वज पाण्डेय के नेतृत्व में आयोजित वैदिक यज्ञ के माध्यम से उपस्थित लोगों ने औषधि मिश्रित हवन सामग्री से आहुतियां देते हुए सबके कल्याण के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। विशेष यजमान के रूप में उपस्थित योग शिक्षिका श्रीमती नीलम मिश्रा ने बताया कि कार्तिक महीने में कीड़ों का प्रकोप बहुत ज्यादा हो जाता है जिनको सरसों के तेल का दीपक जलाकर और यज्ञ करके नियंत्रित किया जा सकता है। इन पंच महापर्वों पर यज्ञ करना हमारी प्राचीन परिपाटी रही है। लोग नए अन्न से यज्ञ करते थे और घर से बनी मिठाइयों का प्रयोग भी आहुतियां देने में किया जाता था जिससे समाज स्वस्थ और रोग मुक्त रहता था। यदि आज भी हम इस पर्व में इन नियमों को अपनावें तो निश्चित ही हम स्वस्थ और आनंद में रह सकते हैं। इस अवसर पर अजीत कुमार पाण्डेय, आशीष बरनवाल, रजत कुमार, शताक्षी मिश्रा, नितीश कुमार, शिव श्याम, कुसुमलता यादव, राधा देवी, महिमा आर्य, उपेंद्र शर्मा, विश्वनाथ आर्य, परी,आर्यन, पुनीत राज, आदि उपस्थित रहे।