सिविल बार चुनाव में अजय सिंह अध्यक्ष व मारुत शुक्ल महामंत्री निर्वाचित

बस्ती अक्टूबर उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में सिविल बार एसोसिएशन का चुनाव  सिविल बार सभागार में हुआ। चुनाव में अध्यक्ष पद पर अजय सिंह व महामंत्री पद पर मारुत शुक्ल निर्वाचित हुए। कुल 747 मतों में से 690 मत पड़ा। निर्वाचित पदाधिकारियों का फूल माला पहनाकर समर्थकअधिवक्ताओं ने स्वागत किया। तयशुदा कार्यक्रम के अनुसार मतदान की प्रक्रिया सुबह आठ बजे से शुरू हुई जो दोपहर दो बजे तक जारी रही। शाम साढ़े तीन बजे से मतगणना शुरू हुई। चुनाव अधिकारी राधेश्याम शुक्ल व सहायक चुनाव अधिकारी अशोक पाण्डेय, नंदलाल सिंह की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई। देर शाम परिणाम की घोषणा चुनाव अधिकारी ने की। निर्वाचित जिलाध्यक्ष अजय सिंह को कुल 339 को वोट मिले, उनके निकटतम प्रतिद्वंदी उपेन्द्र दुबे को 224 वोट मिले। अजय सिंह 116 मतों के अंतर से विजयी हुए। तीसरे स्थान पर अनिल दत्त चतुर्वेदी को 62 मत तथा चौथे स्थान पर चन्द्रभान पाठक को 40 मतों से ही संतोष करना पड़ा। महामंत्री पद के निर्वाचित प्रत्याशी मारुत शुक्ल को 257 वोट मिले, उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजेश सिंह को 182 वोट मिले। मारुत 75 मतों के अंतर से विजयी घोषित किए गए। तीसरे स्थान पर रहे अजय पांडेय को 139 व चौथे स्थान पर रहे दिलशाद हसन को 44 तथा तथा पांचवे स्थान पर आए वंशीधर पाण्डेय को 43 मात्र वोट मिले। कोषाध्यक्ष पद पर रामविनय शुक्ल सर्वाधिक 424 मत पाकर विजयी रहे, उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंदी पवनसुत ओझा को 205 मतों के भारी अंतर से शिकस्त दी। पवनसुत ओझा को मात्र 219 वोट मिले। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के दो पदों पर महेंद्र उपाध्याय 489 व अरविंद नारायण पांडेय 320 मत पाकर विजयी रहे। आत्मा प्रसाद चौहान 264 मत हासिल कर ने के बाद भी पराजित हो गए। चुनाव अधिकारी ने बताया कि कनिष्ठ उपाध्यक्ष व कार्यकारिणी के छह-छह पदों पर पहले ही निर्विरोध चुनाव संपन्न करा लिया गया था। इस मौके पर एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष जगदीश पांडेय, वरिष्ठ अधिवक्ता वीरेन्द्र नाथ पांडेय, बार सेक्रेटरी दयाशंकर दुबे, सहायक चुनाव अधिकारी अशोक पांडेय व नंदलाल सिंह ने विनर-रनर प्रत्याशियों तथा शांतिपूर्ण इलेक्शन के लिए एएसपी ओपी सिंह, सीओ सिटी सत्येन्द्र भूषण तिवारी व उनकी टीम के सहयोग का आभार जताया।