बस्ती अक्टूबर उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के जिला कारागार में दहेज हत्या के मामले में सजा काट रहे कैंसर पीड़ित बंदी की जिला अस्पताल में बुधवार को इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। जेल अधीक्षक अंकेक्षिता श्रीवास्तव ने बताया कि मुंडेरवा थानाक्षेत्र के रहने वाले 60 वर्षीय दीपक पुत्र पल्टू कैंसर से पीड़ित चल रहे थे। उन्हें हायर मेउिकल सेंटर से लगातार विशेष चिकित्सा उपलब्ध कराई जा रही थी। बुधवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी तो पहले जेल के चिकित्सक ने इलाज किया हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर मेडिकल सेंटर के लिए रेफर कर दिया। जेल प्रशासन ने कारागार के एंबुलेंस से तत्काल पुलिस गार्ड के जरिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दिल का दौरा पड़ने से मृत्यु हो गई। दीपक को दहेज हत्या के मामले में अदालत से आजीवन कारावास की सजा मिली थी। वह पिछले वर्ष जुलाई 2023 में जिला जेल में आए थे, तभी से बीमार चल रहे थे। कैदी की मृत्यु की जानकारी जेल मुख्यालय, मानवाधिकार आयोग व उच्चाधिकारियों को दे दी गई। सीएमओ द्वारा गठित चिकित्सकों के पैनल से कैदी के शव का पोस्टमार्टम वीडियोग्राफी के बीच कराया जाएगा। मृत कैदी के स्वजन को सूचित कर दिया गया है।