बस्ती। कोतवाली थाना क्षेत्र के रौता चौराहा अमूरतहिया में एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर देने का मामला सामने आया है। सिद्धार्थनगर जिले के त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के पड़िया गांव निवासी परागदत्त पाण्डेय के अनुसार उनकी भाभी निवासी राधिका देवी पत्नी स्व. रमाकान्त पाण्डेय (65) ने अपनी समस्त चल अचल सम्पत्ति अपने पुत्री के पुत्र (नाती) कोतवाली थाना क्षेत्र के रौता अमूरतहिया निवासी माता प्रसाद पाठक को पंजीकृत वसीयत कर दिया था । वसीयत के बाद माता प्रसाद अपने नानी राधिका देवी को पड़िया से 16 अक्टूबर को दोपहर में यह कह कर अपने घर ले गया कि वहां इनकी अच्छी तरह से देखभाल, सेवा सत्कार किया जाएगा । दो दिन बाद 18 अक्टूबर को माता प्रसाद पाठक ने फोन कर नानी के मृत हो जाने की सूचना दिया। पता करने पर मौत का कारण कमरे में फिसल कर गिर जाना बताया। सूचना पाकर वे तत्काल बस्ती पहुंचे और भाभी का शव अपने गांव पड़िया ले आए। शव को घर लाकर अच्छी तरह से देखा तो उनके सिर में कई जगह गंम्भीर चोट के निशान दिखे, जो किसी जगह फिसल कर गिरने से नही लग सकता । सिर में लगे सभी घाव किसी कठोर वस्तु, ईट, पत्थर, लोहे के राड या किसी धारदार हथियार से हमला किये जाने का लगा। आशंका है कि उनकी भाभी की हत्या की गई है। इस मामले में उनकी ओर से त्रिलोकपुर थाने पर तहरीर दी गई। तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर वहां से जीरो एफआईआर को बस्ती कोतवाली भेज दिया गया। मामले में फील्ड यूनिट टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलन किया गया। कोतवाली पुलिस एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।