अश्लील विडियो वायरल करने की धमकी से परेशान होकर सुसाइड करने का आरोप, एक पर मुकदमा

 

बस्ती। हर्रैया थाना क्षेत्र निवासी एक विवाहिता के आत्महत्या मामले में एक युवक के खिलाफ उसे उकसाने का मुकदमा दर्ज कराया गया है। विवाहिता के भाई सोनहा थाना क्षेत्र निवासी मुनिराम ने बताया कि उसकी बहन की शादी हर्रैया थाना क्षेत्र में 13 फरवरी 2024 में हुई। आरोप लगाया कि सोनहा थाना क्षेत्र के आदमपुर निवासी कुतबुल्लाह उसकी बहन से मोबाइल पर जबरदस्ती बात करता था। बात करने से मना करने पर उसका अश्लील विडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी, उसकी बहन के ससुराल जाकर शादी करने के लिए धमकाया, लेकिन जब उसकी बहन ने उसे मना कर दिया तो उसने उसे बदनाम करने और जानमाल की धमकी दी। आरोपी की प्रताड़ना और धमकी के चलते उसकी बहन ने 25 अगस्त को फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। मामले में तहरीर के आधार पर हर्रैया पुलिस आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।