बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र के बानपुर गांव से एक शर्मशार करने वाली घटना सामने आई है। कलयुगी पुत्र और बहू ने मिलकर बुजुर्ग माता, पिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। बेटे, बहू द्वारा घर से निकाले जाने के बाद पिता ने पुलिस से गुहार लगाई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पुत्र और उसकी पत्नी के खिलाफ बीएनएस और माता, पिता और वरिष्ठ नागरिको का भरण पोषण तथा कल्याण अधिनियम की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
बानपुर निवासी 75 वर्षीय बुजुर्ग बाढू मल्लाह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि उसका बेटा पप्पू और बहू रेनू देवी उसे और उसकी पत्नी भऊला देवी को खाना पानी नहीं देते। बेटे, बहू ने मिलकर गाली देते हुए दोनो को मारा पीटा, जान से मारने की धमकी देते हुए घर से निकाल दिया है। उन्हे खाना पानी भी नहीं दे रहे है। पुलिस मामले में बुजुर्ग पिता की तहरीर पर उसके बेटे बहू के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना कर रही है।