लखनऊ। मानसून की ट्रफ लाइन के कानपुर के ऊपर से गुजरने और बंगाल की खाड़ी से आ रहे बादल व तेज हवा ने शहर का मौसम पूरी तरह से बदल दिया है। शनिवार को भी दिन में रुक – रुक कर पानी बरसता रहा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अब दो दिन तक इसी तरह का मौसम बना रहेगा।
मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि कानपुर में शुक्रवार को 24.4 मिमी पानी बरसा और शनिवार की शाम तक 15 मिमी पानी बरस गया है। बीते सप्ताह 18 अगस्त को इससे लगभग दोगुणा अधिक पानी बरसा था। तब से अब इतनी अधिक वर्षा हुई है। रविवार को तेज हवा चलेगी और दिन में रुक-रुक कर पानी बरसता रहेगा। दिन में धूप भी निकलेगी। वहीं यूपी के कुछ जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश की संभावनाएं हैं।
रविवार को बादल छाए रहेंगे। आचार्य नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है।
सुल्तानपुर का मौसम शनिवार को जिले का तापमान अधिकतम 34 व न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहा। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम -91 न्यूनतम-58 आचार्य नरेन्द्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज के विज्ञानियों के अनुसार रविवार को बादल छाए रहने व बरसात की संभावना है।
वाराणसी में आज आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, गरज-चमक के साथ एक या दो बार वर्षा हो सकती है। तापमान में थोड़ी सी वृद्धि हो सकती है।
बरेली में रविवार को मौसम साफ होने का अनुमान है। आज का तापमान 34.6 अधिकतम और न्यूनतम 26.5 रहने का अनुमान है।
आज का मौसम गोरखपुर में रविवार को छिटपुट बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा हो सकती है। देवरिया और बस्ती में भी बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर वर्षा होने का पूर्वानुमान है।
मुरादाबाद व आसपास के क्षेत्रों में आज बादल छाए रहेंगे। हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम तापमान 25 रहने का अनुमान है।
आगरा में शनिवार को तेज धूप निकलने से लोग परेशान रहे। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को आंशिक बादल छाए रहेंगे। गरज के साथ तेज वर्षा हो सकती है। सोमवार को बादल छाए रहेंगे। एक या दो बार बूंदाबांदी या हल्की वर्षा हो सकती है।