बुजुर्ग महिला से लूट करने वाले तीन गिरफ्तार

 

बस्ती। पैकोलिया थाना क्षेत्र में एक महिला से लूटकारित करने वाले तीन लुटेरों को पुलिस, एसओजी टीम, सर्विलांस की संयुक्त कार्यवाही में गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से 32 बोर का एक पिस्टल, कारतूस, घटना में प्रयुक्त बाइक, लूटे गए कान का सोने का झाला, नगदी बरामद किया गया है। लुटेरों की पहचान गोण्डा जिले के छपिया थाना क्षेत्र के तांबेपुर निवासी गौतम सिंह, बस्ती जिले के नगर थाना क्षेत्र के पोखरनी निवासी अभिषेक श्रीवास्तव, गौर थाना क्षेत्र के बेलवरिया अजगैवा जंगल निवासी हर्ष श्रीवास्तव के रूप में की गई है।
एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि पैकोलिया थाना क्षेत्र के कठौतिया सावडीह रोड पर मोटरसाइकिल सवार एक बुजुर्ग दंपति को 16 अगस्त को रोक कर पिस्टल दिखाकर, डरा धमका कर महिला के पर्स में रखे रूपये, उसके दोनो कानो में पहने सोने की झाला को नोंच कर बाइक सवार तीन बदमाश फरार हो गए थे। मामले में तहरीर के आधार पर पैकोलिया थाने पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। लूट का खुलासा करने के लिए पैकोलिया पुलिस, एसओजी, सर्विलांस को लगाया गया था। सौरूपुर दुर्गा मंदिर से तीनो की गिरफ्तारी कर उनके पास से लूटे गये झाला, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक पिस्टल, 14 सौ रूपए नगदी, पीड़िता का आधार कार्ड बरामद किया गया। कडाई से पूछताछ में पकड़े गये गौतम सिंह, अभिषेक श्रीवास्तव, हर्ष श्रीवास्तव ने घटना में संलिप्तता स्वीकार किया। इनमें से गौतम सिंह पर छपिया थाने में गैंगेस्अर एक्ट सहित 5 आपराधिक मामले दर्ज है, अभिषेक श्रीवास्तव पर गोण्डा जिले के खोड़ारे थाना पर गैंगेस्टर एक्ट सहित 3 आपराधिक मामले ददर्ज है। दोनो पहले भी जेल जा चुके है। हर्ष श्रीवास्तव का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।