मेरठ – रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) कारिडोर के दोनों ओर दिल्ली रोड का चौड़ीकरण किया जाना है। प्रशासन ने भूमि अधिग्रहण के लिए नोटिस जारी कर आपत्ति दर्ज कराने का समय दिया था। अधिग्रहण प्रक्रिया से प्रभावित 43 व्यापारियों ने एडीएम कार्यालय में पहुंचकर आपत्ति दर्ज कराई। 10 दिन के भीतर आपत्तियों का निस्तारण करने के साथ ही प्रतिकर निर्धारण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
दिल्ली रोड के चौड़ीकरण के लिए पूर्व में हुए सर्वे के आधार पर जरूरी भूमि के अधिग्रहण के लिए संपत्ति व भवन स्वामियों को नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस में भूमि की प्रकृति, धनराशि एवं ब्यौरा आदि को लेकर प्रभावित व्यापारियों से दावे और आपत्ति आमंत्रित की गई हैं।
43 लोगों ने दर्ज कराई आपत्ति
मंगलवार को अंतिम दिन तक कुल 43 लोगों ने एडीएम एलए कार्यालय में आपत्ति प्रस्तुत की। अधिकतर व्यापारियों ने अधिग्रहीत की जाने वाली भूमि का उचित मुआवजा और नई दुकानें बनाकर देने की मांग की है। उधर, दर्ज कराई गई आपत्तियों का 10 दिनों में निस्तारण किया जाएगा और इसके बाद प्रतिकर निर्धारण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। चौड़ीकरण प्लान के अनुसार दिल्ली रोड पर आरआरटीएस के दोनों ओर तीन-तीन लेन की सड़क बनाई जाएगी।