(
विदिशा, अप्रैल 18 वर्ष तक मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहे और अब विदिशा-रायसेन संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी बने शिवराज सिंह चौहान की संपत्ति में बीते पांच माह में 21 लाख रुपये की वृद्धि हुई है। वहीं उनकी पत्नी साधना सिंह की संपत्ति में भी 15 लाख रुपयेे की बढ़ोतरी हुई है। शिवराज सिंह चौहान ने गत दिवस रायसेन में अपना नामांकन पत्र जमा किया। इसके साथ दाखिल हलफनामे में उन्होंने अपनी कुल संपत्ति तीन करोड़ 42 लाख रुपये दर्शाई है, जबकि पिछले वर्ष अक्टूबर में विधानसभा चुनाव के दौरान बुधनी से प्रत्याशी के तौर पर जमा कराए गए हलफनामे में शिवराज ने अपनी चल-अचल संपत्ति तीन करोड़ 21 लाखरुपए बताई थी। इस बार लोकसभा चुनाव के लिए दी गई जानकारी में भी उन्होंने अन्य विवरण में वर्ष 2021-22 की तुलना में वर्ष 2022-23 की आय में दो लाख रुपये की कमी बताई है। शपथ पत्र के अनुसार शिवराज के पास एक करोड़ 24 लाख रुपये की चल और दो करोड़ 11 लाख रुपये की अचल संपत्ति है। उन पर किसी बैंक का कर्ज नहीं है। वहीं, उनकी पत्नी साधना सिंह के पास एक करोड़ 17 लाख रुपये की चल और चार करोड़ 39 लाख रुपये की अचल संपत्ति है। साधना सिंह पर 64 लाख रुपये का कर्ज भी है।