बस्ती – 22 मार्च उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में एसडीएम के आदेश पर ग्रामसभा दुबौली में चकमार्ग की जांच करने गए लेखपाल को मनबढ़ ने पिटाई कर दी। घटना की सूचना पीड़ित लेखपाल अवनीश चौधरी ने एसडीएम सदर को दी। आरोपी के खिलाफ कलवारी पुलिस ने केस दर्ज कर उसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। दुबौली गांव के एक व्यक्ति ने जमीन का बैनामा लिया था। उसने अपने भूमि की पैमाइश करने के लिए एसडीएम को प्रार्थना-पत्र दिया था। इस पर उन्होंने गांव में चकमार्ग व भूमि की पैमाइश कराने के लिए हल्का लेखपाल को भेजा। बुधवार की दोपहर में हल्का लेखपाल अवनीश चौधरी विवादित भूमि पर पहुंचे। आरोप है कि जैसे ही लेखपाल ने नक्शा निकाला, यह देख गांव निवासी गोमती प्रसाद कन्नौजिया आक्रोशित हो गया। उसने विरोध करते हुए अपनी भूमि होने का हवाला देते हुए पैमाइश करने से मना कर दिया। और लेखपाल से मारपीट कर लिया। जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसओ भानुप्रताप सिंह ने बताया कि लेखपाल पिटाई का मामला संज्ञान में है केस तत्काल दर्ज कर आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।