प्रयागराज धूमनगंज थाने में तैनात सिपाही ने फांसी लगाकर जान दे दी। उसने आत्मघाती कदम क्यों उठाया इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। सूचना पाकर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। परिजनों को घटना की जानकारी दी गई है। फोरेंसिक टीम बुलाकर कमरे की जांच पड़ताल कराई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मूल रूप से फिरोजाबाद के शिकोहाबाद थाना क्षेत्र का रहने वाला घनश्याम यादव (28) पुत्र इंदल यादव यूपी पुलिस में सिपाही था। उसकी तैनात धूमनगंज थाने में थी। दो महीने पहले ही उसकी तैनाती की गई थी। वह थाने के पास ही हरवारा मुहल्ले में किराए पर कमरा लेकर रहता था। थाने के अन्य सिपाही भी आसपास के कमरों में रहते थे। सिपाही घनश्याम रात में ड्यूटी करके कमरे पर लौटा था। सुबह साथी पुलिसकर्मी जगाने पहुंचे तो दरवाजा नहीं खुला। करीब दो घंटे बाद दोबारा जाकर आवाज दी फिर भी जवाब नहीं मिला तो किसी तरह भीतर झांक कर देखने पर सिपाही फंदे पर लटका मिला। अब तक कोई सुसाइड नोट कमरे से बरामद नहीं हुआ है। पुलिस कमरे की जांच पड़ताल कर रही है। फोरेंसिक टीम भी मौके पर बुला ली गई है।