प्रयागराज। 23 फरवरी उत्तर प्रदेश की योगी सरकार प्रदेश में ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों का अधिकाधिक उपयोग और विस्तार करने का प्रयास कर रही है। शहरी क्षेत्र में साथ ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा का इस्तेमाल बढ़ाने के लिए शुरू की गई बाबू जी कल्याण सिंह ग्राम उन्नति योजना के अंतर्गत इसका विस्तार हो रहा है।
प्रयागराज जनपद में भी इसी क्रम में जिले की 20 ग्राम पंचायतों को सौर ऊर्जा के माध्यम से रोशन किया गया है। जिले में इसके दूसरे चरण की शुरुआत हो चुकी है।
प्रयागराज जिले के 20 गांव अब शहर की तरह ही दूधिया रोशनी से जगमगा रहे हैं । अगले चरण में जिले के 42 गांव में सोलर स्ट्रीट लगाईं जायेगी।
प्रयागराज के यूपीनेडा के परियोजना अधिकारी कुमार गौरव बताते हैं कि बाबू जी कल्याण सिंह ग्राम उन्नति योजना के तहत इन गावों को जगमग करने के लिए इस योजना के पहले चरण का काम पूरा कर लिया गया है।
प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई इस योजना में प्रयागराज जनपद में 20 ग्राम पंचायतों का आच्छादन कर लिया गया है। जिले की हर विधानसभा से दो -दो ग्राम पंचायतो का चयन होना था जिसमे सरकार द्वारा स्ट्रीट सोलर लाइट लगाने की योजना थी। इस योजना के पहले चरण में जन प्रतिनिधियों द्वारा इन गावों का चयन किया गया था। जनपद प्रयागराज में इस चरण को पूरा करते हुए शासन ने इन 20 गांव की सूची जारी की थी। अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग की ओर से ये गांव सौर ऊर्जा से रोशन हो रहे हैं। इन ग्राम पंचायतों में कोरांव विधानसभा से घूंघा और गजाघर, मेजा विधानसभा से बरी और सोनाई, करछना विधानसभा से से पुरैनी और लवायन, बारा विधानसभा से पांडर और गोइसरा, फाफामऊ विधानसभा से बमनपुर और सेमरा, हंडिया विधानसभा से झिरहिरी और असंवा, सोरांव विधानसभा से बीबीपुर और उधौपुर, फूलपुर विधानसभा से कनेहती, प्रतापपुर से कपसा, शहर दक्षिणी से डांडी, शहर पश्चिमी विधानसभा से चिल्ला और मदारीपुर शामिल हैं।