महाविद्यालय व विधि महाविद्यालय के 300 छात्र-छात्राओं को वितरण किया गया स्मार्टफोन – सचिन श्रीवास्तव
बहराइच । प्रदेश के युवाओं के तकनीकी सशक्तिकरण हेतु प्रदेश सरकार द्वारा संचालित टैबलेट/स्मार्टफोन वितरण योजना के तहत कलावती देवी स्मारक महाविद्यालय,बेड़नापुर बहराइच में महाविद्यालय व विधि महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को स्मार्टफोन वितरित किया गया।समारोह के मुख्य अतिथि विधायक महसी सुरेश्वर सिंह व विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रमाकर पाण्डेय रहे।मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं अन्य अतिथियो मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यापर्ण व दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।महाविद्यालय के प्रबंधक विनोद कुमार त्रिपाठी ने अंगवस्त्र व माल्यापर्ण करके मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान 300 छात्र-छात्राओं को स्मार्टफोन का वितरण किया गया।मुख्य अतिथि श्री सिंह ने भारत माता के जयघोष के साथ अपने सम्बोधन की शुरूआत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हमारी सरकार तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं को टैबलेट व स्मार्टफोन प्रदान कर रही है। उन्होंने प्रदेश में अध्ययनरत सभी छात्र-छात्राओं को जो सुविधा मिलनी चाहिये वे सभी सुविधायें उन्हें उपलब्ध करायी जा रही हैं। प्रदेश सरकार की इस अतिमहत्वाकांक्षी योजना से लक्षित युवा लाभार्थी वर्ग जहॉ एक ओर अपने शैक्षिक पाठ्यक्रमों को सफलतापूर्वक पूर्ण कर सकेंगे वहीं दूसरी ओर शैक्षिक पाठ्यक्रमों को पूर्ण करने के उपरान्त विभिन्न शासकीय, गैर शासकीय तथा स्वावलम्बन की योजनाओं में भी इस स्मार्टफोन का सदुपयोग कर सेवारत/व्यवसायरत हो सकेंगे।कार्यक्रम का संचालन फार्मेसी प्राचार्य कमल पाठक ने किया।महाविद्यालय प्रबन्धक विनोद कुमार त्रिपाठी, सचिव द्वय प्रमोद कुमार त्रिपाठी व मनोज कुमार त्रिपाठी ने मुख्य अतिथि व अन्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान करके उनका स्वागत किया।धन्यवाद ज्ञापन प्रमोद कुमार त्रिपाठी ने किया।इस दौरान बीएड विभागाध्यक्ष सचिन श्रीवास्तव, कार्यालय अधीक्षक शिवा जी अवस्थी,मानस पाण्डेय,रामेंद्र मणि, प्रमोद श्रीवास्तव, अभिनव प्रताप सिंह,विवेक बाजपेयी, श्याम जी त्रिपाठी सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।