9वें राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस पर विश्व संवाद परिषद का संकल्प—योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा से स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण

9वें राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस पर विश्व संवाद परिषद का संकल्प—योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा से स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण

 

सेवा, संस्कार और स्वास्थ्य को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से देशभर में चलाया जा रहा जागरूकता अभियान

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। 9वें राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस के अवसर पर विश्व संवाद परिषद योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा प्रकोष्ठ, भारत ने योग, प्राकृतिक चिकित्सा एवं भारतीय जीवन मूल्यों के माध्यम से स्वस्थ, जागरूक और आत्मनिर्भर राष्ट्र के निर्माण का संकल्प दोहराया। प्रकोष्ठ का मुख्य उद्देश्य योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा को जन-जन तक पहुंचाकर समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पैदा करना तथा सेवा, संस्कार और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है।

 

प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. डॉ. नवीन सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में भागदौड़ भरी जीवनशैली, अनियमित खानपान, शारीरिक निष्क्रियता और मानसिक तनाव के कारण अनेक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसी परिस्थितियों में योग, प्राकृतिक चिकित्सा, संतुलित आहार और अनुशासित दिनचर्या स्वस्थ जीवन के महत्वपूर्ण आधार हैं। नियमित योगाभ्यास, प्राणायाम, प्राकृतिक जीवनशैली और सकारात्मक सोच अपनाकर अनेक बीमारियों के जोखिम को कम किया जा सकता है।

 

उन्होंने कहा कि प्रकोष्ठ का उद्देश्य केवल रोगों के उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना, युवाओं को योग से जोड़ना, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य कार्यक्रम आयोजित करना तथा ग्रामीण क्षेत्रों तक योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के प्रति जागरूकता और सुविधाओं का विस्तार करना भी है।

 

प्रो. डॉ. नवीन सिंह ने बताया कि संस्था की ओर से समय-समय पर निःशुल्क योग शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण, प्राकृतिक चिकित्सा परामर्श, प्रशिक्षण कार्यक्रम, संगोष्ठियां और जन-जागरूकता अभियान आयोजित किए जाते हैं। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, स्वच्छता, भारतीय संस्कृति एवं जीवन मूल्यों के संरक्षण के लिए भी संस्था निरंतर प्रयासरत है।

 

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा हमें प्रकृति के अनुरूप जीवन जीने, शरीर की स्वाभाविक स्वास्थ्य रक्षा क्षमता का सम्मान करने तथा आहार-विहार में संतुलन बनाए रखने की प्रेरणा देती है। योग और प्राकृतिक चिकित्सा को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर व्यक्ति अपने स्वास्थ्य के प्रति अधिक जागरूक और जिम्मेदार बन सकता है।

 

उन्होंने 9वें राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस के अवसर पर आमजन से अपील की कि वे योग, प्राणायाम, संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या और प्राकृतिक जीवनशैली को अपनाएं तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

 

प्रो. डॉ. नवीन सिंह ने कहा कि संस्था का मूल ध्येय ‘स्वस्थ व्यक्ति, स्वस्थ परिवार, स्वस्थ समाज और स्वस्थ राष्ट्र’ का निर्माण करना है। इसी संकल्प के साथ विश्व संवाद परिषद योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा प्रकोष्ठ, भारत सेवा, समर्पण और संस्कार की भावना से देशभर में योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।