17 नवंबर से 16 दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन का मिलेगा मौका

17 नवंबर से 16 दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन का मिलेगा मौका

21, 22, 28 एवं 29 नवंबर को बूथों पर चलेगा विशेष अभियान, डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक

लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

बस्ती। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मंगलवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। इस दौरान मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचक नामावलियों की आलेख्य प्रकाशित सूची उपलब्ध कराई गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, संशोधन कराने एवं आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा, जबकि निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।

उन्होंने कहा कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे फार्म-6 भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के पास जमा कर सकते हैं। मतदाता सूची में नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन, त्रुटि सुधार, फोटो पहचान पत्र के प्रतिस्थापन तथा दिव्यांग मतदाताओं के चिह्नांकन के लिए फार्म-8 भरा जाएगा। वहीं, मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए फार्म-7 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।

जिलाधिकारी ने बताया कि 21, 22, 28 एवं 29 नवंबर 2026 को जनपद के प्रत्येक मतदेय स्थल पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन तिथियों में बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहेंगे तथा मतदाता पंजीकरण एवं संशोधन के लिए फार्म-6, 7 और 8 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहेंगे। आवेदन करने वाले पात्र नागरिकों को नवीनतम फोटो के साथ जन्मतिथि एवं पते से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।

उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने अथवा किसी भी प्रकार के संशोधन के लिए ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध है। इसके लिए निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल ऐप एवं https://voters.eci.gov.in वेबसाइट के माध्यम से फार्म-6, 7 एवं 8 ऑनलाइन जमा किए जा सकते हैं। पुनरीक्षण कार्यक्रम से संबंधित जानकारी के लिए जनपद स्तर पर स्थापित डिस्ट्रिक्ट कांटेक्ट सेंटर (डीसीसी) के टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से अपील की कि वे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने में सहयोग करें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुनंदू सुधाकरन, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती सहित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक के उपरांत जिलाधिकारी ने जिला निर्वाचन कार्यालय एवं सदर तहसील स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।