सड़क सुरक्षा पखवाड़ा शुरू, मुख्य राजस्व अधिकारी ने दिलाई सुरक्षा की शपथ
प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, जागरूकता बाइक रैली निकालकर लोगों को किया जागरूक
बस्ती। प्रदेश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं एवं उनमें होने वाली मौतों की संख्या पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से 16 से 30 नवंबर तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा मनाया जाएगा। इसी क्रम में सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। इसके बाद उन्होंने सड़क सुरक्षा जागरूकता प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही जागरूकता बाइक रैली को भी रवाना किया गया।
बाइक रैली कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू होकर तिरंगा चौराहा, कंपनी बाग, रोडवेज, फव्वारा तिराहा और बड़ेबन होते हुए आईटीआई परिसर पहुंची, जहां रैली का समापन हुआ। रैली के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के पालन एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें और नशे की हालत में कभी भी वाहन न चलाएं। इसके साथ ही सड़क पर स्टंट करने जैसी गतिविधियों से बचें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और बहुमूल्य जीवन को सुरक्षित रखा जा सकता है।
कार्यक्रम में संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) फरीदउद्दीन, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (सड़क सुरक्षा/प्रवर्तन) धर्मेन्द्र कुमार, सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक अनूप कुमार कुशवाहा, यात्रीकर अधिकारी शिवकुमार मिश्र, यातायात निरीक्षक कुलदीप त्रिपाठी, राहवीर प्रमोद ओझा सहित परिवहन कार्यालय के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।