हर्रैया तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, 63 शिकायतों में 9 का मौके पर निस्तारण
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। जनता की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को हर्रैया तहसील सभागार में तहसील संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी श्रीमती कृतिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कोई भी फरियादी अपनी समस्या के समाधान की उम्मीद लेकर सरकारी कार्यालय पहुंचता है। ऐसे में जनता की समस्याओं का समाधान करना सभी अधिकारियों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन शिकायतों का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका है, संबंधित विभाग के अधिकारी स्थलीय निरीक्षण कर निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि थाने पर आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उनके साथ सहज एवं संवेदनशील व्यवहार करें, ताकि पीड़ितों को अपनी बात रखने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उप जिलाधिकारी प्रद्युम्न कुमार ने बताया कि संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 63 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 09 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग के 26, पुलिस विभाग के 09, विद्युत विभाग के 04, विकास विभाग के 08 तथा आपूर्ति विभाग के 16 मामले शामिल रहे।
इस दौरान सीएमओ डॉ. राजीव निगम, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, पीडी आनंद कुमार गुप्ता, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रेखा गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, डीएचओ अरुण त्रिपाठी, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।