अयोध्या दीपोत्सव: भव्य झांकी में प्रदीप महाराज ने की पुष्पवर्षा, दुर्गेश महाराज ने उतारी प्रभु राम की आरती

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या । धार्मिक नगरी अयोध्या में दीपोत्सव के पावन और उत्सवी माहौल के बीच प्रभु श्री राम की एक अत्यंत भव्य एवं मनोहारी झांकी निकाली गई, जिसने समूचे अयोध्या धाम को राममय कर दिया। इस आलौकिक और ऐतिहासिक दृश्य को देखने के लिए श्रद्धालुओं का भारी हुजूम उमड़ पड़ा और पूरा नगर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा।
झांकी पर हुई पुष्पवर्षा यात्रा के दौरान जब भव्य झांकी नगर से गुजरी, तो लड्डू गोपाल धर्मार्थ सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रदीप महाराज ने भगवान राम के रथ पर श्रद्धा के साथ पुष्पवर्षा की। इस दौरान फूलों की वर्षा से पूरा मार्ग महक उठा और उपस्थित जनसमूह भावविभोर हो गया। पूजन-अर्चन और उतारी गई आरती झांकी के निर्धारित स्थल पर पहुंचने पर अयोध्या तीर्थ पुरोहित समाज सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष दुर्गेश महाराज ने पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्री राम, माता सीता तथा उनके चारों भ्राताओं का पूजन-अर्चन किया। इसके पश्चात उन्होंने विधिपूर्वक भव्य आरती उतारकर देश और दुनिया की खुशहाली, सुख-समृद्धि की कामना की।
गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक समरसता की अनूठी मिसाल इस आयोजन में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विविधता के साथ सामाजिक समरसता का एक बेहद सुंदर दृश्य देखने को मिला। दीपोत्सव के इस पावन पर्व पर विभिन्न समुदायों और वर्गों के प्रतिष्ठित लोग एक मंच पर नजर आए।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से तीर्थ पुरोहित समाज के अध्यक्ष ओम प्रकाश पांडे, इकबाल अंसारी, विनोद गुप्ता, हीरालाल, अजय गुप्ता और राममिलन महाराज सहित क्षेत्र के तमाम गणमान्य नागरिक, साधु-संत एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर दीपोत्सव के इस पर्व को धूमधाम से मनाया और प्रभु श्री राम का आशीर्वाद लिया।