नवरात्रि में सूर्या संस्थान का बड़ा उपहार, 350 छात्र-छात्राओं को मिले मुफ्त टैबलेट

नवरात्रि में सूर्या संस्थान का बड़ा उपहार, 350 छात्र-छात्राओं को मिले मुफ्त टैबलेट

 

तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने की ऐतिहासिक पहल, सूर्या संस्थान ने विद्यार्थियों को बांटे नि:शुल्क टैबलेट

 

भक्ति गीतों और देशभक्ति की प्रस्तुतियों से गूंजा सूर्या कैंपस, आर्यन बाबू ने बांधा समां

 

शानदार शैक्षणिक माहौल के साथ तकनीकी दक्षता विकसित करना ऐतिहासिक पहल : प्रो. ओपी पांडेय

 

आधुनिक भारत की बड़ी प्रतिस्पर्धाओं के लिए विद्यार्थियों को तैयार कर रहा सूर्या संस्थान : प्रो. विनीता पाठक

 

नौनिहालों के लिए निरंतर जारी रहेगा नि:शुल्क टैबलेट वितरण कार्यक्रम : डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी

 

जितेन्द्र पाठक

 

संत कबीर नगर। नवरात्रि के पावन अवसर पर विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में सूर्या इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने एक और सराहनीय पहल की। शुक्रवार को सूर्या कैंपस में आयोजित भव्य समारोह के दौरान कक्षा 11वीं के 350 छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क टैबलेट वितरित किए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों, भक्ति गीतों और देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों के बीच आयोजित इस समारोह ने शैक्षणिक परिसर को उत्साह और उल्लास से भर दिया। फिल्म इंडस्ट्री के युवा स्टार गायक आर्यन बाबू की शानदार प्रस्तुतियां समारोह का प्रमुख आकर्षण रहीं।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि गोरखपुर विश्वविद्यालय के प्रो. ओपी पांडेय, विशिष्ट अतिथि प्रो. विनीता पाठक, सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी, एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर सविता चतुर्वेदी, एसआर ग्रुप के चेयरमैन राकेश चतुर्वेदी, राजन इंटरनेशनल एकेडमी की एमडी शिखा चतुर्वेदी, विद्यालय के प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव तथा जिला पंचायत के प्रशासक बलिराम यादव ने मां सरस्वती और विद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय पं. सूर्य नारायण चतुर्वेदी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

 

मुख्य अतिथि प्रो. ओपी पांडेय ने कहा कि विज्ञान और प्रौद्योगिकी आधुनिक जीवन का अभिन्न अंग बन चुके हैं। आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिक्षा के साथ तकनीक का समन्वय भी जरूरी है। सूर्या संस्थान ने विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के लिए नि:शुल्क टैबलेट वितरित कर ऐतिहासिक और अनुकरणीय पहल की है।

 

विशिष्ट अतिथि प्रो. विनीता पाठक ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण है। कक्षा 11वीं के सभी विद्यार्थियों को नि:शुल्क टैबलेट प्रदान करना सराहनीय कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि सूर्या संस्थान के विद्यार्थी जनपद ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहराएंगे।

 

सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि आधुनिक युग में विद्यार्थियों को उच्च तकनीकी शिक्षा और डिजिटल संसाधनों से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसी उद्देश्य से सूर्या परिवार विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों के लिए नि:शुल्क टैबलेट वितरण कार्यक्रम आगे भी जारी रहेगा, ताकि वे तकनीकी रूप से दक्ष बन सकें।

 

एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर सविता चतुर्वेदी ने कहा कि टैबलेट का सार्थक उपयोग विद्यार्थियों के ज्ञान और कौशल को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। विद्यार्थियों को तकनीक का उपयोग पढ़ाई, ज्ञानार्जन और नई जानकारियां हासिल करने के लिए करना चाहिए।

 

समारोह में फिल्म इंडस्ट्री के युवा स्टार गायक आर्यन बाबू ने भक्ति गीतों और देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और पूरे परिसर में उत्साह का माहौल बना दिया।

कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के उपप्रधानाचार्य शरद त्रिपाठी ने किया। इस दौरान रजत चतुर्वेदी, अंकित पाल, निहाल पांडेय, आलोक उपाध्याय, रत्नेश मिश्र, अशोक चौबे, नितेश द्विवेदी, बलराम उपाध्याय, आशुतोष पाण्डेय, शिवचरन पाण्डेय, तपस्या रानी सिंह, बबिता त्रिपाठी और प्रतिभा श्रीवास्तव सहित तमाम शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।