बस्ती में 23 अक्टूबर को लगेगा प्रथम परिवहन मेला, मौके पर मिलेंगी कई सुविधाएं
पंजीकरण, फिटनेस, परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस और एचएसआरपी सहित विभिन्न सेवाओं का मिलेगा लाभ
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। परिवहन विभाग बस्ती की ओर से 23 अक्टूबर 2026 को प्रथम परिवहन मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में वाहन स्वामियों और आम नागरिकों को परिवहन विभाग से संबंधित विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर सरल, सुगम और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएंगी। इसमें वाहन पंजीकरण, फिटनेस, परमिट, शास्ति में छूट, हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी), ड्राइविंग लाइसेंस तथा मोबाइल नंबर अपडेट कराने जैसी सुविधाएं मौके पर ही प्रदान की जाएंगी।
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) फरीदउद्दीन ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि परिवहन आयुक्त के पत्र के क्रम में राजस्व प्राप्तियों में वृद्धि के साथ-साथ वाहन स्वामियों एवं आम नागरिकों को विभागीय सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2026-27 के आगामी महीनों में प्रदेश के सभी मंडल मुख्यालयों पर चरणबद्ध तरीके से परिवहन मेलों का आयोजन करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि परिवहन मेला राजस्व सृजन के साथ नागरिकों को सुविधाएं उपलब्ध कराने का एक प्रभावी मंच होगा। इसके माध्यम से वाहन स्वामियों के लंबित कर एवं बकाया राशि की वसूली, वन टाइम टैक्स और अग्रिम कर जमा करने के साथ वाहन पंजीकरण, फिटनेस, परमिट, नवीनीकरण सहित अन्य परिवहन सेवाएं एकीकृत रूप से उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस पहल से लोगों को परिवहन विभाग से संबंधित विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है। विभाग का उद्देश्य सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना है, ताकि आम नागरिकों को एक ही स्थान पर अधिक से अधिक सुविधाओं का लाभ मिल सके।