रूपईडीहा में 1.135 किलो अफीम बरामद, नेपाली तस्कर गिरफ्तार
बहराइच। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रूपईडीहा पुलिस एवं एसएसबी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नेपाली नागरिक को 1.135 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 13 से 15 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी और क्षेत्राधिकारी नानपारा चित्रांशु गौतम के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक हरेन्द्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में 7 अक्टूबर को रूपईडीहा चेक पोस्ट पर पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक नेपाली व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1.135 किलोग्राम अफीम, 4,500 नेपाली रुपये, 80 भारतीय रुपये तथा एक कीपैड मोबाइल बरामद हुआ। पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान प्रजित ओली पुत्र नरबहादुर ओली, उम्र 44 वर्ष, निवासी ग्राम स्याला वार्ड नंबर-02, नगर पालिका आठ बिसकोट, थाना आठ बिसकोट, जिला रुकुम, नेपाल के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना रूपईडीहा में मु0अ0सं0-276/2026, धारा 8/18(C) एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय बहराइच भेज दिया।
कार्रवाई में थाना रूपईडीहा पुलिस के उपनिरीक्षक अब्दुल कादिर, आरक्षी विकास प्रजापति, विपेन्द्र सिंह व अमित सिंह तथा 42वीं वाहिनी एसएसबी नानपारा कैंप रूपईडीहा के एसआई/जीडी देवेन्द्र सिंह, एएसआई पवन कुमार, सीटी सचिन कुमार महतो, राम वकिल एवं प्रवीण कुमार मय डॉग मिस्टी बी-875 शामिल रहे।