बाबा गोरखनाथ ने 150 समर्थकों के साथ किए रामलला के दर्शन, मिल्कीपुर उपचुनाव को लेकर दिया बड़ा बयान

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व विधायक बाबा गोरखनाथ ने गुरुवार को मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के करीब 150 समर्थकों के साथ अयोध्या पहुंचकर रामलला का दर्शन-पूजन किया। उनके समर्थक गाजे-बाजे के साथ भव्य राम मंदिर पहुंचे, जहां सभी ने विधि-विधान से रामलला का आशीर्वाद लिया। इस दौरान बाबा गोरखनाथ ने बताया कि वह अपने पुराने वादे को पूरा करने आए हैं। वर्ष 2024 में 35 दिनों तक चले ‘आस्था ट्रेन’ कार्यक्रम के दौरान संगठन ने उन्हें एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी थी। उस वक्त पांच अलग-अलग स्टेशनों से श्रद्धालुओं को टेंट सिटी तक लाने और सुरक्षित वापस पहुंचाने का जिम्मा उनके पास था। बाबा ने याद किया कि उस चुनौतीपूर्ण समय में उनके 150 साथी कंधे से कंधा मिलाकर उनके साथ खड़े रहे थे। तभी उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर यह तय किया था कि वे एक दिन सभी को साथ लेकर रामलला के दर्शन कराने आएंगे।
चुनाव को लेकर दिया बयान
मीडिया द्वारा इसे आगामी उपचुनाव से जोड़कर पूछे जाने पर बाबा गोरखनाथ ने ठेठ अंदाज में कहा, “भगवान के दर्शन करे जाइत हन, लड़ैक तो मन हइये बाय, ओहे लड़ा जाय।” वहीं, कार्यकर्ताओं में दिख रहे भारी जोश पर उन्होंने शायराना अंदाज में टिप्पणी करते हुए कहा, “जिसकी मस्ती जिंदा है, उसकी हस्ती जिंदा है।” उन्होंने कहा कि उनके कार्यकर्ता भी इसी ऊर्जा और जोश से भरपूर हैं।
रामलला से की लोक-कल्याण की कामना रामलला के दरबार में अपनी प्रार्थना को लेकर बाबा गोरखनाथ ने कहा कि उन्होंने भगवान से यही कामना की है कि जनता का यह स्नेह और प्यार हमेशा बना रहे। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश और देश की जनता के निरोग रहने, खुशहाल जीवन जीने और आनंदमय भविष्य की प्रार्थना की।