सड़क सुरक्षा को लेकर मंडलीय समिति की बैठक, दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के निर्देश
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं प्रभावी कार्रवाई के उद्देश्य से सोमवार, 28 सितंबर 2026 को आयुक्त सभागार, बस्ती में मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आयुक्त बस्ती मंडल श्री वैभव श्रीवास्तव ने की।
बैठक में आयुक्त ने सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए परियोजना निदेशक एनएचएआई को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। लखनऊ-गोरखपुर मार्ग पर ओवरस्पीडिंग रोकने के लिए ATMS कैमरे लगाने, गति सीमा सहित आवश्यक यातायात संकेतक स्थापित करने तथा दुर्घटना की स्थिति में पेट्रोलिंग वाहनों में गैस कटर की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही ALS एंबुलेंस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
आयुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर अतिक्रमण करने वालों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई करने, ओवरलोड वाहनों की नियमित सूची उपलब्ध कराने तथा ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट वाली बसों से यात्रियों को सुरक्षित उतारने के लिए एनएचएआई द्वारा स्थापित रेस्ट एरिया को अस्थायी बस स्टैंड के रूप में उपयोग करने के निर्देश दिए।
जनपद सिद्धार्थनगर एवं संतकबीरनगर में सड़क दुर्घटनाओं और मृतकों की संख्या में वृद्धि पर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित जिलों के लोक निर्माण विभाग एवं पुलिस अधिकारियों को दुर्घटना स्थलों का स्थलीय परीक्षण कर कारणों का विश्लेषण करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग सुनिश्चित करने तथा ब्लैक स्पॉट पर सुधारात्मक कार्यवाही कराने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में डीआईजी बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी, एडीएम बस्ती ज्ञानचंद गुप्ता, एडीएम संतकबीरनगर चन्द्रेश कुमार सिंह, आरटीओ प्रशासन फरीदउद्दीन, आरटीओ प्रवर्तन सुरेश कुमार मौर्य, एनएचएआई परियोजना निदेशक अवनीत सिद्धार्थ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं राहवीर प्रमोद ओझा मौजूद रहे।