शिक्षा मित्रों ने मुख्यमंत्री को भेजा 5 सूत्रीय ज्ञापनः विभागीय टेट में शामिल करने की मांग

शिक्षा मित्रों ने मुख्यमंत्री को भेजा 5 सूत्रीय ज्ञापनः विभागीय टेट में शामिल करने की मांग

 

टेट उत्तीर्ण शिक्षा मित्रों का समायोजन करे सरकार- वीरेन्द्र कुमार शुक्ल

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार शुक्ल के नेतृत्व में शिक्षामित्रो ने 5 सूत्रीय मांग के साथ ही अन्य समस्याओं के समाधान को लेकर सोमवार को मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा। संघ पदाधिकारियों ने शिक्षामित्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री को भेजे 5 सूत्रीय ज्ञापन में टेट परीक्षा उत्तीर्ण 60 हजार शिक्षा मित्रों को सुपर टेट में छूट देते हुये शिक्षक पद पर समायोजित करने, योग्यता, अनुभव को देखते हुये सेवा निवृत्ति की आयु 62 वर्ष किये जाने, मानदेय 12 माह दिये जाने, बेसिक स्कूलों में आयोजित होने वाली स्पेशल टेट परीक्षा में शिक्षा मित्रों को सम्मिलित करने, मृतक शिक्षा मित्रों के परिजनों को आर्थिक सहायता देकर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिलाये जाने, शिक्षा मित्रों को शासनादेश के अनुरूप मूल विद्यालय पर समायोजित एवं स्थानान्तरण किये जाने आदि की मांग शामिल है।

ज्ञापन देने के बाद संघ जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार शुक्ल ने कहा कि प्रदेश के करीब एक लाख 43 हजार शिक्षामित्र लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्षरत हैं। संगठन ने शिक्षामित्रों को सहायक अध्यापक पद पर समायोजित किए जाने, मानदेय में वृद्धि करने तथा अन्य लंबित समस्याओं के समाधान की मांग की है।

संघ के मण्डल अध्यक्ष प्रवीन श्रीवास्तव ने कहा कि शिक्षा मित्रों को नियमित न होने तक प्रतिमाह 40 हजार रुपये मानदेय दिया जाए और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। साथ ही 62 वर्ष की आयु तक सेवा सुरक्षा प्रदान करने, महिला शिक्षामित्रों को उनके मूल विद्यालय में वापसी का अवसर देने और मृतक शिक्षामित्रों के परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराया जाय।

संघ के जिला संरक्षक संजय यादव, संगठन मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि शिक्षामित्र लंबे समय से शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में उन्हें कई आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए सरकार से आग्रह है कि शिक्षामित्रों की समस्याओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर जल्द निर्णय लिया जाए।

ज्ञापन देने वालों में मुख्य रूप से दिनेश उपाध्याय, असद जमाल, बाबूलाल, धनंजय सिंह, प्रदीप चौधरी, वृजेन्द्र यादव, शिवशंकर साहू के साथ ही संघ के अनेक पदाधिकारी, शिक्षा मित्र शामिल रहे।