अयोध्या में मूर्ति निर्माण कार्य सुचारू रूप से जारी, असमंजस की स्थिति हुई समाप्त।

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या, 28 सितंबर मूर्तिकार उत्तम पाल के गायब होने से उत्पन्न असमंजस की स्थिति अब धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। केंद्रीय समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल के विशेष प्रयासों से बस्ती से मूर्तिकार संदीप प्रजापति अपने सहयोगियों के साथ अयोध्या पहुंच गए हैं और उन्होंने मूर्ति निर्माण का कार्य सुचारू रूप से शुरू कर दिया है।
इसी क्रम में आज केंद्रीय समिति के प्रमुख पदाधिकारियों ने नगर के विभिन्न मूर्ति निर्माण स्थलों का औचक दौरा किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सभी स्थलों पर मूर्तिकारों द्वारा पूरे उत्साह और सुचारू रूप से कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही, मूर्तिकार पी.के. दास, जिनके अस्वस्थ होने और लखनऊ रेफर किए जाने की खबरें सामने आई थीं, वे भी पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने साथियों के साथ मूर्ति निर्माण के कार्य में तन्मयता से जुटे हुए हैं। इससे आगामी आयोजनों को लेकर शहर में राहत का माहौल है।
इस दौरान मूर्ति निर्माण स्थलों का निरीक्षण करने वालों में मुख्य रूप से केंद्रीय समिति के संयोजक गगन जायसवाल, जे.एन. चतुर्वेदी, अतुल सिंह, राजेश श्रीवास्तव, सार्थक जायसवाल, दीपक रमानी और सुनील जायसवाल सहित कई अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।