बस्ती में 1 अक्टूबर से चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान, उप सीएमओ ने अधिकारियों को दिए निर्देश
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। जनपद में 01 से 31 अक्टूबर तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 12 से 31 अक्टूबर 2026 तक दस्तक अभियान संचालित किया जाएगा। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित तैयारी बैठक के दौरान उप मुख्य चिकित्साधिकारी सियाराम यादव ने सभी नामित विभागों को आपसी समन्वय के साथ चरणवार कार्यवाही पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उप सीएमओ ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग इस अभियान का नोडल विभाग होगा, जो जिला, तहसील, ब्लॉक और ग्राम स्तर पर समन्वय स्थापित करेगा। अभियान के तहत बुखार, इन्फ्लूएंजा लाइक इलनेस (ILI), क्षय रोग (टीबी) और कुपोषित बच्चों की सूची बनाकर रोगियों का त्वरित उपचार किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग अभियान की निगरानी, पर्यवेक्षण और रिपोर्टिंग का कार्य संभालेगा।
विभिन्न विभागों को दिए गए मुख्य निर्देश:
नगर निकाय एवं पंचायती राज: नगर पालिका, नगर पंचायत व ग्राम स्तर पर साफ-सफाई, नालियों व जलाशयों की सफाई, झाड़ियों की कटाई और मैलाथियान से फॉगिंग कराने के निर्देश दिए गए। कूड़ा निस्तारण, पेयजल जांच, क्लोरीनेशन, उथले हैंडपंपों की लाल रंग से मार्किंग और खराब इंडिया मार्क-2 हैंडपंपों को ठीक कराने के लिए कहा गया है। ग्राम प्रधान, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से सघन प्रचार-प्रसार करेंगे।
पशुपालन विभाग: सूकर पालकों को पोल्ट्री जैसे वैकल्पिक व्यवसायों के लिए प्रेरित करने तथा सूअर बाड़ों को आबादी से दूर रखने के निर्देश दिए गए। पशुबाड़ों में नियमित सफाई, कीटनाशक छिड़काव और मच्छररोधी जाली लगाने के लिए जागरूक किया जाएगा।
दिव्यांगजन सशक्तिकरण व अन्य विभाग: एईएस/जेई (दिमागी बुखार) से दिव्यांग हुए बच्चों का सर्वे कराकर डीडीआरसी सेंटर के माध्यम से उपचार व सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। कृषि, सिंचाई और उद्यान विभाग मच्छररोधी पौधे लगाने और ठहरे पानी में मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए तकनीकी सलाह देंगे।
बैठक का संचालन जिला मलेरिया अधिकारी आर्येन्द्र कुमार दूबे ने किया। इस अवसर पर एएमओ चंद्र मोहन मेहरोत्रा, बीएसए अनूप तिवारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार, समस्त एमओआईसी और नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।