महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या । धर्म नगरी अयोध्या में ब्रह्मलीन महंत रामदास जी महाराज की दसवीं पुण्यतिथि के अवसर पर एक अत्यंत भव्य और दिव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर रामनगरी के तमाम प्रतिष्ठित साधु-संतों, महात्माओं और बड़ी संख्या में स्थानीय गृहस्थ श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर संत श्री को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और महाप्रसाद ग्रहण किया।प्राप्त विवरण के अनुसार, इस धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन श्री संत जी महाराज के मार्गदर्शन में तथा पूज्य महामंडो श्री करुणा निदान शरण जी महाराज के कृपापात्र महामंडो राम उजाहिर दास जी महाराज के सान्निध्य में ऋणमोचन चौराहा स्थित ‘विजय राघव निवास’ पर किया गया।
पुण्यतिथि के इस विशेष कार्यक्रम के तहत सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठान, पूजन और संत सेवा का सिलसिला शुरू हो गया था। संतों और विद्वान ब्राह्मणों द्वारा दिवंगत महंत रामदास जी की स्मृति में विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके उपरांत एक विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें अयोध्या के साधु-संतों के साथ-साथ गृहस्थ भक्तों ने भी पूरी श्रद्धा और अनुशासन के साथ महाप्रसाद प्राप्त किया। इस आयोजन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया और समाज में आपसी सौहार्द व आध्यात्मिकता का संदेश प्रसारित हुआ।