मेरे सपनों का भारत’ में बच्चों ने उकेरी विकसित भारत की तस्वीर

‘मेरे सपनों का भारत’ में बच्चों ने उकेरी विकसित भारत की तस्वीर

*-प्रतियोगिता में शादिया प्रथम, मडोना द्वितीय, आयुषी तृतीय स्थान पर रहीं*

शक्ति शरण उपाध्याय

हर्रैया। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुरुवार को ‘मेरे सपनों का भारत’ थीम पर ब्लॉक स्तरीय चित्रकारी एवं प्रदर्शनी प्रतियोगिता का आयोजन ब्लॉक सभागार में किया गया। प्रतियोगिता में ब्लॉक के परिषदीय विद्यालयों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए चित्रों और प्रदर्शनी के माध्यम से अपने सपनों के भारत की कल्पना को रंगों में उकेरा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि हर्रैया योगेंद्र सिंह, ‘मेरे सपनों का भारत’ थीम के प्रभारी राजेश त्रिपाठी और भाजपा मंडल अध्यक्ष शिवचरन जायसवाल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खण्ड शिक्षा अधिकारी विजय आनंद ने की।

प्रतियोगिता में बच्चों ने भारत की प्रगति, शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, तकनीकी विकास, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों को अपनी चित्रकारी और प्रदर्शनी के माध्यम से प्रस्तुत किया। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागी बच्चों की चित्रकारी, प्रदर्शनी की विषयवस्तु, रचनात्मकता और प्रस्तुतिकरण का अवलोकन किया। इसके बाद उच्च प्राथमिक विद्यालय बरहपुर की छात्रा शादिया ने प्रथम, कंपोजिट विद्यालय पूरे अवधी की छात्रा मडोना सिंह ने द्वितीय तथा कंपोजिट विद्यालय उभाई की छात्रा आयुषी वर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता बच्चों को मेडल और शील्ड देकर सम्मानित किया गया। वहीं प्रतियोगिता में शामिल अन्य सभी बच्चों को स्टेशनरी प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। मुख्य अतिथि योगेंद्र सिंह ने कहा कि बच्चों की कल्पनाशीलता में ही देश के भविष्य की तस्वीर दिखाई देती है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ राष्ट्र और समाज के प्रति अपनी सोच को अभिव्यक्त करने का अवसर मिलता है।राजेश त्रिपाठी ने कहा कि ‘मेरे सपनों का भारत’ जैसी थीम बच्चों को अपने भविष्य के भारत के बारे में सोचने और उसे रचनात्मक माध्यम से व्यक्त करने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने प्रतिभागी बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय स्तर से ही बच्चों की रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करना जरूरी है।प्रदर्शनी एवं चित्रकारी का अवलोकन अतिथियों, खण्ड शिक्षा अधिकारी और शिक्षकों ने किया। अवलोकन के उपरान्त एआरपी संतोष कुमार शुक्ल, मनोज मिश्र, राजीव शुक्ल और रवीश कुमार मिश्र ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान का निर्धारण किया। कार्यक्रम का संचालन विवेक कान्त पाण्डेय ने किया। इस दौरान शिक्षक को के ब्लॉक अध्यक्ष राम सागर वर्मा, उदय प्रताप सिंह, राम तौल शर्मा, श्री नारायन मिश्र, ओम प्रकाश, अरुण शुक्ल, प्रमोद त्रिपाठी, नित्यानंद यादव, शोभाराम, छोटेलाल, अरुण साहू, निरुपमा तिवारी, सीमा, रोली सिंह, मनोज द्विवेदी, चंद्रशेखर, राम सागर, संजय सिंह, विजय मिश्र, बृजेश ओझा, आशीष सिंह, प्रेम कुमार, प्रभात रंजन, राजन सिंह, पवन वर्मा, वीरेंद्र, मनोज वर्मा, लालमणि वर्मा, प्रदीप शुक्ल, सुनील कुमार, रिजवान, विवेकानंद शुक्ल, राजेश, राकेश, जमुना सहित विद्यालयों के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।