अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस पर पुलिस लाइन में प्रशिक्षण कार्यशाला
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस के अवसर पर 23 सितंबर को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित वशिष्ठ सभागार कक्ष में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय भारतीय सांकेतिक भाषा (ISL) प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का आयोजन पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन में अखिल उत्तर प्रदेश बधिर संस्था (AUPAD), लखनऊ के सहयोग से किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान दुभाषिए पंकज कुमार रौनियार ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सांकेतिक भाषा की बारीकियों तथा उसके व्यावहारिक प्रयोग की जानकारी दी। प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को मूक-बधिर एवं अन्य दिव्यांग नागरिकों से प्रभावी संवाद स्थापित करने तथा उनकी शिकायतों और समस्याओं को बेहतर ढंग से समझने के लिए सक्षम बनाना रहा।

कार्यशाला में नोडल अधिकारी एवं सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर व लाइन मानसी दहिया की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने कहा कि दिव्यांग व्यक्तियों के साथ संवाद की दूरी समाप्त करने के लिए पुलिसकर्मियों को सांकेतिक भाषा की बुनियादी समझ होना आवश्यक है। इससे जरूरतमंद नागरिकों को बेहतर सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

कार्यशाला के समापन पर उत्कृष्ट प्रशिक्षण एवं सहयोग के लिए संस्था के पदाधिकारियों तथा दुभाषिए पंकज कुमार रौनियार को पुलिस अधीक्षक की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रशिक्षण में शामिल पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी सक्रिय सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस दौरान प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।