लेबर अड्डा घंटाघर पर आयोजित हुआ पंजीयन एवं स्वास्थ्य शिविर

लेबर अड्डा घंटाघर पर आयोजित हुआ पंजीयन एवं स्वास्थ्य शिविर

बहराइच, 23 सितम्बर। सेवा संकल्प अभियान के तहत श्रमिकों के कल्याणार्थ श्रम विभाग द्वारा बुधवार को घंटाघर स्थित लेबर अड्डा पर पंजीयन एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश तथा मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में सुबह 7 बजे से 10 बजे तक श्रमिकों को विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग की चिकित्सकीय टीम ने 47 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया तथा निःशुल्क दवाओं का वितरण किया। वहीं श्रम विभाग द्वारा 67 श्रमिकों का पंजीयन/नवीनीकरण कराया गया और 61 श्रमिकों को डिजिटल लेबर चौक ऐप डाउनलोड कराया गया।

सहायक श्रमायुक्त राज बहादुर यादव ने श्रमिकों को विभाग द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए श्रमिकों का पंजीकरण आवश्यक है। उन्होंने बताया कि 24 सितम्बर को लेबर अड्डा चांदपुरा तथा 28 सितम्बर को लेबर अड्डा छावनी बाजार में पंजीयन एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने अधिक से अधिक श्रमिकों से शिविरों का लाभ उठाने की अपील की।

इस अवसर पर श्रम विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहा।