गांधी जयंती की तैयारियों को लेकर बैठक, कार्यक्रमों की रूपरेखा तय

गांधी जयंती की तैयारियों को लेकर बैठक, कार्यक्रमों की रूपरेखा तय

लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

बस्ती। आगामी 2 अक्टूबर को मनाई जाने वाली गांधी जयंती की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई। जिलाधिकारी के निर्देश पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता एवं मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने संयुक्त रूप से की। बैठक में गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए अधिकारियों एवं संबंधित लोगों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
अपर जिलाधिकारी एवं मुख्य राजस्व अधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी के विचार आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। उनके सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, शांति और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही उनके आदर्शों को जीवन एवं कार्यशैली में अपनाने की जरूरत है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने कार्य एवं आचरण के माध्यम से जनपद की सकारात्मक छवि बनाने में सहयोग करने की अपील की।
बैठक में बताया गया कि 2 अक्टूबर को सुबह छह बजे प्रभातफेरी निकाली जाएगी। इसके बाद सुबह सात बजे वाक रेस प्रतियोगिता आयोजित होगी। सुबह आठ बजे सभी सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा तथा महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर सत्यनिष्ठा का संकल्प लिया जाएगा। सुबह नौ बजे शहर के विभिन्न चौराहों पर स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा।
गांधी जयंती के अवसर पर मलिन बस्तियों में विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। जिला कारागार में सांस्कृतिक एवं खेलकूद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिले के सभी शिक्षण संस्थानों में चित्रकला प्रतियोगिता कराने की तैयारी है। इसके साथ ही अस्पताल में मरीजों तथा हथियागढ़ स्थित कुष्ठ आश्रम में फल वितरण का कार्यक्रम भी प्रस्तावित किया गया है।
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों में संबंधित विभाग पूरी जिम्मेदारी और सहभागिता के साथ कार्य करें। सरकारी कार्यालयों एवं परिसरों में विशेष साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ महात्मा गांधी के विचारों और सिद्धांतों को आत्मसात करने का संकल्प लिया जाए।
बैठक में जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, जिला आबकारी अधिकारी राजेश कुमार, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, उपायुक्त उद्योग राजेश रोमन, आईटीआई प्रधानाचार्य गोविन्द कुमार, जीआईसी के विजय कुमार वर्मा, जिला सेवायोजन अधिकारी अवधेन्द्र प्रताप वर्मा, डॉ. वी.के. वर्मा, सरदार जगवीर सिंह, स्कन्द शुक्ला, अनुराग श्रीवास्तव, चन्द्र प्रकाश शर्मा, पवन वर्मा, के.के. उपाध्याय, सैयद जीशान हैदर रिजवी, हरिओम प्रकाश, वीर कुमार तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।