आयुष्मान बस्ती प्रतिनिधिमंडल ने आयुक्त से की मुलाकात, सड़क सुरक्षा और गोल्डन आवर के महत्व पर हुई चर्चा

आयुष्मान बस्ती प्रतिनिधिमंडल ने आयुक्त से की मुलाकात, सड़क सुरक्षा और गोल्डन आवर के महत्व पर हुई चर्चा

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। आयुष्मान बस्ती के एक प्रतिनिधिमंडल ने बस्ती मंडल के आयुक्त से मुलाकात कर राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा, सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने तथा जीवन रक्षक ‘गोल्डन आवर’ के सही उपयोग को लेकर चर्चा की। इस दौरान सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करने और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने आयुक्त के समक्ष सड़क दुर्घटनाओं के बाद घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने तथा आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। सदस्यों ने कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद शुरुआती समय घायल व्यक्ति के जीवन की रक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से गंभीर रूप से घायल लोगों की जान बचाने में मदद मिल सकती है।

मुलाकात के दौरान ‘गोल्डन आवर’ के महत्व पर विशेष चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति को जल्द से जल्द चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना आवश्यक है। इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्गों पर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, ट्रॉमा केयर सुविधाओं को मजबूत करने तथा प्राथमिक उपचार की व्यवस्था को प्रभावी बनाने की जरूरत है।