अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय परिसर स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र ने जुलाई 2026 सत्र में नवीन-प्रवेश (प्रमाण-पत्र एवं सेमेस्टर आधारित कार्यक्रमों को छोड़कर) एवं पुनः पंजीकरण (200 रूपये विलम्ब शुल्क के साथ) अन्तिम तिथि को 30 सितम्बर 2026 तक बढ़ा दिया है। इग्नू अध्ययन केंद्र के समन्वयक प्रो. हिमांशु शेखर सिंह ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 333 से भी अधिक ओडीएल मोड एवं 45 के लगभग ऑनलाईन कार्यक्रमों में प्रवेश लेकर अपना ज्ञान, कौशल तथा व्यवसायिक उन्नयन कर सकते हैं। वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक एवं प्रमुख डॉ. अनिल कुमार मिश्र ने बताया कि जुलाई 2026 सत्र में यह विस्तार कई ऐसे छात्रों के लिए स्वर्णिम अवसर है, जो अन्तिम तिथि के आस-पास अपने परीक्षा परिणामों की प्रतीक्षा कर रहे थे या तकनीकी कारणों से अभी तक प्रवेश हेतु आवेदन नहीं कर पाये थे। यह सुविधा उनके लिए भी महत्वपूर्ण है, जो कार्यरत् हैं या दूर-दराज के क्षत्रों में रहते हैं, वे अन्तिम तिथि में विस्तार होने से इग्नू के जुलाई 2026 सत्र में प्रवेश ले सकते हैं। यह विस्तार स्नातक उपाधि कार्यक्रम, स्नातकोत्तर उपाधि कार्यक्रम, डिप्लोमा एवं पीजी डिप्लोमा कार्यक्रमों के लिए किया गया है। ऐसे वे सभी अभ्यर्थी जो 4 वर्षीय स्नातक उपाधि कार्यक्रम या 01 वर्षीय परास्नातक उपाधि कार्यक्रम में प्रवेश लेकर उच्च शिक्षा पाने के लिए जिज्ञासु हैं वे इस विस्तार का लाभ उठा सकते है। क्षेत्रीय निदेशक डॉ रीना कुमारी ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी इग्नू की आधिकारिक वेबसाईट पर ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं एवं प्रवेश शुल्क डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड के माध्यम से भी जमा किया जा सकता है। अभ्यर्थी इग्नू की वेबसाईट से सामान्य विवरणिका को डाऊनलोड करके और अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। डॉ. रीना कुमारी ने बताया कि इग्नू के स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के वर्तमान विद्यार्थी अपनी शिक्षा को जारी रखने हेतु 30 सितम्बर 2026 तक इग्नू की वेबसाईट पर जाकर 200 रूपये विलम्ब शुल्क के साथ पुनः पंजीकरण की प्रक्रिया को भी पूर्ण कर सकते हैं।