नीलगाय के हमले में पूर्व प्रधान की मौत शोकाकुल परिवार से मिलीं ममता पांडे
परिवारजनों हरसंभव सहयोग का भरोसा
शक्ति शरण उपाध्याय
बस्ती। ग्राम पंचायत बैहार के पूर्व प्रधान जैसराम की नीलगाय के हमले में हुई मौत से गांव में शोक की लहर है। शुक्रवार को भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री ममता पांडे शोकाकुल परिवार के घर पहुंचीं। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली संवेदना व्यक्त की हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। रविवार सुबह करीब नौ बजे जैसराम खेत देखने के लिए घर से निकले थे। बैहार सिंघोरिया मार्ग पर खेत से करीब 100 मीटर पहले गन्ने के खेत से अचानक निकली नीलगाय ने उन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होकर जैसराम जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची कप्तानगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।जैसराम की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में तीन बेटे और एक बेटी हैं। बड़े बेटे सूरज कुमार की शादी हो चुकी है जबकि रोहित और मोहित मुंबई में रहकर जीविकोपार्जन करते हैं। पिता की मौत की खबर मिलते ही दोनों घर के लिए रवाना हो गए। बेटी सविता हाईस्कूल की छात्रा है। परिजनों से मुलाकात के दौरान ममता पांडे ने उन्हें ढांढस बंधाते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में परिवार को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।इस मौके पर वरिष्ठ समाजसेवी बलराम चौधरी पगार प्रधान आशाराम चौधरी बब्बू उदय नारायण पाठक रामशंकर पंकज सिंह पवन समेत क्षेत्र के अनेक लोग मौजूद रहे। घटना के बाद ग्रामीणों में खेतों के आसपास बढ़ती नीलगायों आवाजाही को लेकर चिंता बनी हुई है।