विकास कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराएं : मंडलायुक्त

विकास कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराएं : मंडलायुक्त

लवकुश सिंह संवाददाता अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

बस्ती । मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में मंडल में संचालित विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग की योजनाओं और परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की।

 

मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और प्रभावी निगरानी के साथ सुनिश्चित किया जाए। विकास कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे कराए जाएं। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। उन्होंने लंबित परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उनके कारणों की जानकारी ली तथा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

बैठक में पीएम सूर्यघर, खराब ट्रांसफार्मर, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, एंबुलेंस एवं सिटी स्कैन सेवा, दुग्ध मूल्य भुगतान, दिव्यांग पेंशन, जल निगम, फैमिली आईडी, स्वच्छ भारत मिशन, पर्यटन विकास, ऑपरेशन कायाकल्प, अंडा उत्पादन, मुख्यमंत्री शादी अनुदान, प्रोजेक्ट अलंकार, नई सड़कों का निर्माण, मुख्यमंत्री विवाह योजना और ओडीओपी सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

 

मंडलायुक्त ने कहा कि संबंधित अधिकारी अपने विभाग की योजनाओं में अपेक्षित प्रगति बनाए रखें। किसी भी स्तर पर समस्या सामने आने पर उसका तत्काल निराकरण कराया जाए। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समय से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही योजनाओं की नियमित निगरानी और फील्ड स्तर पर स्थलीय सत्यापन कराने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ आमजन तक पहुंचाना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

 

बैठक का संचालन संयुक्त विकास आयुक्त निर्मल कुमार द्विवेदी ने किया। इस दौरान जिलाधिकारी श्रीमती कृतिका ज्योत्स्ना, संतकबीर नगर के जिलाधिकारी आलोक कुमार, सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन., सीडीओ सार्थक अग्रवाल, जयकेश त्रिपाठी, बलराम सिंह, वन संरक्षक रंगराजू टी., मुख्य अभियंता विद्युत विजय कुमार गुप्ता, अधीक्षण अभियंता जल निगम सौरभ सुमन, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या पूनम, उप निदेशक समाज कल्याण राम कुमार चौरसिया, संयुक्त कृषि निदेशक रामबचन राम, संयुक्त आयुक्त उद्योग गौरव मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।