दोस्तों के बीच पार्टी में पिस्टल से चली गोली, युवक की मौत

दोस्तों के बीच पार्टी में पिस्टल से चली गोली, युवक की मौत

नौतनवां (महराजगंज)। दोस्तों के बीच पार्टी के दौरान पिस्टल से अचानक गोली चलने से गंभीर रूप से घायल युवक की बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 17 सितंबर की रात करीब 8:40 बजे ग्राम समरधीरा चौराहे स्थित अंडे की दुकान पर चार दोस्त पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान जिसान हाशमी के पास मौजूद पिस्टल और कारतूस को सभी दोस्त हाथ में लेकर देख रहे थे। बताया गया कि एक युवक ने पिस्टल में कारतूस लोड कर ट्रिगर दबाया, लेकिन फायर नहीं हुआ। इसके बाद दूसरे युवक ने पिस्टल अपने हाथ में लेकर ट्रिगर दबाया, तभी अचानक गोली चल गई।

गोली सामने बैठे जिसान हाशमी के सिर में जा लगी। गंभीर हालत में परिजन उसे उपचार के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घटना दोस्तों के बीच पिस्टल के साथ लापरवाहीपूर्वक किए गए प्रयोग के दौरान हुए आकस्मिक फायर का परिणाम सामने आया है। मामले में नामजद अभियुक्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त कर उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।