बस्ती में 26 से 29 नवंबर तक होगा ‘बस्ती खेल संगम’ एवं 15वां बस्ती मैराथन 2026

बस्ती में 26 से 29 नवंबर तक होगा ‘बस्ती खेल संगम’ एवं 15वां बस्ती मैराथन 2026

 

अंतर्विद्यालयी खेल प्रतियोगिताओं में विभिन्न विद्यालयों की टीमें करेंगी प्रतिभाग, सभी प्रतियोगिताओं में पंजीकरण एवं प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। जनपद में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने, युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने तथा विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से नेशनल एसोसिएशन ऑफ यूथ द्वारा ‘बस्ती खेल संगम 2026’ एवं ‘15वां बस्ती मैराथन 2026’ का आयोजन 26 से 29 नवंबर तक किया जाएगा। बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में संस्था के पदाधिकारियों ने आयोजन की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस बार मैराथन के साथ तीन दिवसीय अंतर्विद्यालयी खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। खास बात यह है कि सभी प्रतियोगिताओं एवं मैराथन में प्रतिभाग के लिए पंजीकरण और प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।

 

प्रेस वार्ता में बताया गया कि बस्ती मैराथन अपने आयोजन के 15वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। इस विशेष अवसर को यादगार बनाने के लिए संस्था द्वारा मैराथन के साथ ‘बस्ती खेल संगम 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। इसमें जनपद के विभिन्न विद्यालयों की टीमें प्रतिभाग करेंगी। प्रतियोगिताओं में बैडमिंटन, कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेल आयोजित किए जाएंगे। खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन अमर शहीद सत्यवान सिंह स्टेडियम, बस्ती में प्रस्तावित है।

आयोजन की रूपरेखा के अनुसार 26 नवंबर को उद्घाटन समारोह होगा। 26, 27 एवं 28 नवंबर को लगातार तीन दिनों तक विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, 29 नवंबर को 15वां बस्ती मैराथन आयोजित होगा। इसी दिन बस्ती खेल संगम का समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम भी संपन्न होगा, जिसमें विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को सम्मानित किया जाएगा।

 

आयोजन की विशेष बात यह है कि बस्ती खेल संगम की सभी खेल प्रतियोगिताओं और 15वें बस्ती मैराथन में प्रतिभाग करने के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। विद्यार्थियों, विद्यालयों की टीमों एवं मैराथन के धावकों के लिए पंजीकरण तथा प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। संस्था का उद्देश्य है कि आर्थिक कारणों से कोई भी विद्यार्थी या खिलाड़ी इस आयोजन में प्रतिभाग करने से वंचित न रहे।

 

नेशनल एसोसिएशन ऑफ यूथ के संस्थापक अध्यक्ष भावेश पाण्डेय ने बताया कि बस्ती मैराथन पिछले 14 वर्षों से निरंतर आयोजित होता आ रहा है और इस वर्ष इसका 15वां संस्करण आयोजित किया जा रहा है। इसी महत्वपूर्ण पड़ाव को विशेष बनाने के लिए इस बार मैराथन के साथ तीन दिवसीय अंतर्विद्यालयी खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संस्था का प्रयास है कि जनपद के अधिक से अधिक विद्यालयों के विद्यार्थी खेलों से जुड़ें और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिले। सभी प्रतियोगिताओं एवं मैराथन में पंजीकरण पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है, ताकि अधिक से अधिक बच्चे, युवा और नागरिक इसमें सहभागिता कर सकें।

 

उन्होंने कहा कि बस्ती खेल संगम का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताएं आयोजित करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क और खेल भावना का विकास करना है। वहीं, बस्ती मैराथन के माध्यम से आमजन को स्वास्थ्य, फिटनेस, नशामुक्ति और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति प्रेरित किया जाएगा।

 

कार्यक्रम संयोजक राम प्रताप सिंह ने बताया कि आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां टीम भावना और सामूहिक सहभागिता के साथ की जा रही हैं। उन्होंने जनपद के विद्यालयों, शिक्षण संस्थानों, खेल संगठनों, अभिभावकों, युवाओं, सामाजिक संस्थाओं एवं नागरिकों से आयोजन में सक्रिय सहभागिता और सहयोग की अपील की।

 

नेशनल एसोसिएशन ऑफ यूथ ने विश्वास व्यक्त किया कि ‘बस्ती खेल संगम 2026’ एवं ‘15वां बस्ती मैराथन 2026’ जनपद में खेल संस्कृति को नई दिशा देने तथा विद्यार्थियों एवं युवाओं को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

 

प्रेस वार्ता में प्रमुख रूप से रामानुजेन्द्र पाण्डेय, क़ाज़ी फरजान, अनिल यादव, चंद्रभूषण कलहंस, रामजी पाण्डेय, ऋतुराज सिंह, हेमंत पाण्डेय, उत्तम दूबे, यथार्थ, शिवांश कुमार, देवांश सोमवंशी आदि उपस्थित रहे।