SBI फाउंडेशन ने 100 मेधावी एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को वितरित किए स्वेटर
ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को ठंड से बचाव के साथ शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने की सराहनीय पहल
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। ग्रामीण क्षेत्र के मेधावी एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को सर्दी से बचाव और शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से SBI फाउंडेशन ने सराहनीय पहल की है। SBI फाउंडेशन के सहयोग से SUVIDHA संस्था द्वारा संचालित SBI ग्राम सेवा परियोजना के अंतर्गत 100 छात्र-छात्राओं को स्वेटर वितरित किए गए।
इस अभियान के तहत कम्पोजिट स्कूल परमेश्वरपुर, उच्च माध्यमिक विद्यालय परसांव, पूर्व माध्यमिक विद्यालय पिपरपाती एवं प्राथमिक विद्यालय पिपरपाती के विद्यार्थियों को भी स्वेटर प्रदान किए गए। स्वेटर पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को ठंड से राहत पहुंचाने के साथ उनकी पढ़ाई में निरंतरता बनाए रखना है।
इस अवसर पर परियोजना प्रबंधक दीपक द्विवेदी ने बताया कि SBI फाउंडेशन के सहयोग से संचालित ग्राम सेवा परियोजना के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में लगातार महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। परियोजना के तहत विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विकास, शैक्षिक संसाधनों की उपलब्धता, स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि परियोजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराना और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करना है। शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार की सहयोगात्मक गतिविधियां आगे भी जारी रहेंगी।
इस सराहनीय पहल पर विद्यालय परिवार एवं ग्रामीण समुदाय ने SBI फाउंडेशन और SUVIDHA संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह के प्रयास जरूरतमंद बच्चों को न केवल राहत प्रदान करते हैं, बल्कि उन्हें शिक्षा के प्रति आगे बढ़ने का हौसला भी देते हैं।
सहयोग से सशक्त शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में SBI फाउंडेशन की यह पहल सराहनीय कदम साबित हो रही है।