दीपावली और छठ पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, 6 नवंबर से शुरू होगा कंट्रोल रूम
10, 11 और 12 नवंबर को प्रस्तावित है लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीआईजी ने की समीक्षा
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। आगामी दीपावली, लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन एवं छठ पूजा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता पुलिस उप महानिरीक्षक संजीव त्यागी ने की। बैठक में जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, यातायात नियंत्रण, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, अग्निशमन तथा प्रतिमा विसर्जन एवं छठ पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। डीआईजी संजीव त्यागी ने कहा कि सभी पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के प्रतीक हैं। इन्हें शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर समय से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी सरकारी अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों को सक्रिय रखा जाए। चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की पर्याप्त तैनाती के साथ एंबुलेंस एवं आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रहें। अग्निशमन विभाग को फायर ब्रिगेड की गाड़ियां अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने पटाखों की दुकानों पर अग्निशमन यंत्र, पर्याप्त बालू और पानी की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराने को कहा।
डीएम ने सार्वजनिक स्थलों, पूजा स्थलों एवं घाटों पर साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश दिए। प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा के समुचित इंतजाम करने के साथ नदियों और जलाशयों में विसर्जन के दौरान गोताखोर, नाव तथा बचाव दल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। छठ पूजा के दौरान भी घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि दीपावली, लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन एवं अन्य त्योहारों से संबंधित सूचनाओं और शिकायतों के लिए कलेक्ट्रेट स्थित प्रशासनिक कक्ष में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यह कंट्रोल रूम 6 नवंबर से क्रियाशील होगा। इसका दूरभाष नंबर 05542-247128 है। यहां शिफ्टवार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो प्राप्त शिकायतों एवं सूचनाओं से संबंधित उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर उनके निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिमा विसर्जन जुलूसों के निर्धारित मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए तथा यातायात एवं भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाए। शांति व्यवस्था में बाधा डालने वाले अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखते हुए उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए।
एसपी ने बताया कि लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम आगामी 10, 11 एवं 12 नवंबर को प्रस्तावित है। इसके मद्देनजर संबंधित अधिकारी विसर्जन स्थलों एवं निर्धारित मार्गों का पहले से निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर लें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, सहायक पुलिस अधीक्षक मानसी दहिया, डीएफओ डॉ. शिरीन, अपर जिलाधिकारी ज्ञानचंद गुप्ता, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, आबकारी अधिकारी राजेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह, सहायक आयुक्त खाद्य चितरंजन कुमार, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी संजीव कुमार, एसई विद्युत मो. खालिद, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, उमाकांत तिवारी, राजेश यादव, अहमद फरीद खान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।