131 गुमशुदा मोबाइल बरामद, स्वामियों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
संतकबीरनगर पुलिस की बड़ी कामयाबी, करीब 30 लाख रुपये कीमत के मोबाइल बरामद
लखनऊ से बेंगलुरु और बिहार तक पहुंची पुलिस की निगरानी, टीम को मिलेगा 25 हजार का पुरस्कार
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान में संतकबीरनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए 131 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है। मोबाइल बरामद होने की सूचना मिलते ही उनके वास्तविक स्वामियों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई और उन्होंने संतकबीरनगर पुलिस का आभार जताया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी सर्विलांस सेल/यातायात अमित कुमार के पर्यवेक्षण में की गई। प्रभारी सर्विलांस सेल रजनीश राय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने CEIR पोर्टल और CCTNS प्रणाली के माध्यम से प्राप्त ट्रेसबिलिटी विवरण, IMEI तथा सिम संबंधी तकनीकी विश्लेषण के आधार पर गुम मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने सर्विलांस टीम और जनपद के सभी थानों पर CEIR पोर्टल के लिए नियुक्त कर्मचारियों को गुमशुदा मोबाइलों की शत-प्रतिशत बरामदगी के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल करते हुए अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय मोबाइलों की जानकारी जुटाई और उन्हें बरामद किया।
कई राज्यों तक पहुंची पुलिस की कार्रवाई
संतकबीरनगर पुलिस की कार्रवाई केवल जनपद तक सीमित नहीं रही। पुलिस ने लखनऊ, बेंगलुरु, बिहार सहित देश के विभिन्न राज्यों और शहरों से भी गुमशुदा मोबाइल बरामद किए हैं। संबंधित राज्यों के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से समन्वय स्थापित कर बरामद मोबाइलों को उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाने की प्रक्रिया की जा रही है।
किस थाना क्षेत्र से कितने मोबाइल बरामद
कोतवाली खलीलाबाद के आरक्षी रविकान्त कुशवाहा ने 29 मोबाइल बरामद किए।
थाना दुधारा के कम्प्यूटर ऑपरेटर विवेक सिंह ने 18 मोबाइल बरामद किए।
महिला थाना के आरक्षी अजय मौर्या ने 03 मोबाइल बरामद किए।
थाना धनघटा के आरक्षी इन्द्रजीत कुमार ने 01 मोबाइल बरामद किया।
थाना महुली के आरक्षी अंकित पटेल ने 26 मोबाइल बरामद किए।
थाना मेंहदावल के आरक्षी सौरभ कुमार ने 10 मोबाइल बरामद किए।
थाना बखिरा के आरक्षी चन्द्रभान सिंह ने 10 मोबाइल बरामद किए।
थाना बेलहरकला के आरक्षी राजेन्द्र प्रसाद ने 18 मोबाइल बरामद किए।
थाना धर्मसिंहवा की महिला आरक्षी शिवांगी सिंह ने 01 मोबाइल बरामद किया।
थाना एएचटी के आरक्षी दिलीप गोंड ने 15 मोबाइल बरामद किए।
वहीं सर्विलांस सेल प्रभारी रजनीश राय, हेड कांस्टेबल विनोद कुमार सिंह, कांस्टेबल ज्ञानप्रकाश सिंह, अमरजीत मौर्य, नितीश कुमार और पीयूष कुमार गुप्ता ने भी मोबाइल बरामदगी अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने मोबाइल बरामदगी करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए 25,000 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
मोबाइल गुम होने पर CEIR पोर्टल पर करें शिकायत
पुलिस ने जनसामान्य से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में CEIR.GOV.IN पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर मोबाइल के IMEI को ब्लॉक एवं ट्रेस कराया जा सकता है। शिकायत के लिए आधार कार्ड, मोबाइल खरीद का बिल यदि उपलब्ध हो, थाने में दर्ज गुमशुदगी/एफआईआर की प्रति, मोबाइल धारक का विवरण, मोबाइल नंबर, IMEI नंबर और मोबाइल का मॉडल नंबर आवश्यक होता है।