हत्या के आरोपी को 24 घंटे में बेलहरकला पुलिस ने दबोचा, आलाकत्ल परखी बरामद
राजू हत्याकांड में रामदास गुप्ता गिरफ्तार, पुरानी रंजिश में वार करने का आरोप
पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई पर 15 हजार रुपये पुरस्कार की घोषणा
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। जंगल दशहर में हुई हत्या की घटना के मामले में बेलहरकला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर वांछित अभियुक्त रामदास गुप्ता पुत्र हरीराम गुप्ता निवासी जंगल दशहर, थाना बेलहरकला, जनपद संतकबीरनगर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार नुकीली परखी भी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह के निकट पर्यवेक्षण में जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में यह कार्रवाई की गई। बेलहरकला पुलिस ने 16 सितंबर 2026 को रामदास गुप्ता को जंगल दशहर मोड़, ग्राम पिपरी के पास से गिरफ्तार किया।
पुरानी रंजिश को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को थाना कोतवाली खलीलाबाद पर वादिनी मंजू देवी पत्नी स्वर्गीय राजू निवासी जंगल दशहर, थाना बेलहरकला ने प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश को लेकर रामदास गुप्ता ने नुकीले धारदार हथियार से उनके पति राजू के पेट में कई वार किए। घटना के बाद एंबुलेंस से राजू को सीएचसी मेंहदावल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना बेलहरकला में मु0अ0सं0 278/2026, धारा 103(1) बीएनएस एवं 3(2)(v) एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताई विवाद की वजह
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त रामदास गुप्ता ने बताया कि महेन्द्र और उसकी पत्नी का उसके यहां आना-जाना और उठना-बैठना था। राजू की पत्नी मंजू और उसके भाई महेन्द्र के बीच पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। अभियुक्त के अनुसार, मंजू द्वारा उस पर आरोप लगाया जाता था कि उसके उकसाने पर ही महेन्द्र उनके साथ लड़ाई-झगड़ा करता है।
पुलिस के अनुसार, इसी बात को लेकर 15 सितंबर की शाम राजू, उसकी पत्नी मंजू और रामदास गुप्ता के बीच गाली-गलौज और मारपीट होने लगी। इसी दौरान रामदास ने बोरे से अनाज निकालने वाली नुकीली एवं धारदार परखी से राजू के सीने और पेट पर कई वार किए।
यह पुलिस टीम रही शामिल
गिरफ्तारी एवं बरामदगी की कार्रवाई में थानाध्यक्ष बेलहरकला सर्वेश कुमार, उपनिरीक्षक राजेश कुमार दूबे, कांस्टेबल रोहित कुमार, कांस्टेबल सतीश कुमार त्रिपाठी, कांस्टेबल ओमप्रकाश चौरसिया, तथा सर्विलांस सेल के कांस्टेबल अमरजीत मौर्य और कांस्टेबल पीयूष कुमार गुप्ता शामिल रहे।
पुलिस टीम को मिलेगा 15 हजार रुपये का पुरस्कार
पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना ने अभियुक्त की गिरफ्तारी और आलाकत्ल बरामद करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए 15,000 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।