अश्लील वीडियो बनाकर एक लाख रुपये ट्रांसफर कराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
पिस्टल, चार कारतूस, 17,140 रुपये, चार मोबाइल व कार बरामद
लवकुश सिंह संवाददाता अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। हर्रैया थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को कार में बैठाकर अश्लील वीडियो बनाने, मारपीट व धमकी देकर ऑनलाइन एक लाख रुपये ट्रांसफर कराने तथा 20 हजार रुपये नकद लूटने के मामले में हर्रैया और छावनी पुलिस की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, लूट के 17,140 रुपये, दो आईफोन, दो एंड्रॉयड मोबाइल तथा घटना में प्रयुक्त काले रंग की स्विफ्ट कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को नीरज दुबे निवासी शंभूपुरा, थाना छावनी ने हर्रैया थाने में तहरीर दी थी। आरोप है कि सूरज मिश्र ने फोन कर उन्हें बड़हर कला स्थित त्यागी पेट्रोल पंप पर बुलाया। वहां सूरज मिश्र, श्याम त्रिपाठी उर्फ मनीष और सत्यम तिवारी उन्हें कार में बैठाकर हरदिया प्राथमिक विद्यालय ले गए। आरोपियों ने वहां उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की तथा अश्लील वीडियो बनाकर धमकी दी। इसके बाद उनके यूपीआई खाते से एक लाख रुपये अपने परिचित के खाते में ट्रांसफर करा लिए और झोले में रखे 20 हजार रुपये भी ले लिए।
मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर 16 सितंबर को करीब 4:30 बजे बैलाडे शुक्ल मोड़ से सूरज मिश्र निवासी मल्हूपुर, थाना छावनी और श्याम त्रिपाठी उर्फ मनीष निवासी रेवरा दास, थाना हर्रैया को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान पिस्टल और चार कारतूस सहित नकदी व मोबाइल बरामद हुए। बरामद कार को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है। वहीं मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बताया कि लूटे गए 20 हजार रुपये में से 2,860 रुपये खर्च हो चुके थे, जबकि 17,140 रुपये उनके पास बचे थे। पुलिस तीसरे आरोपी सत्यम तिवारी की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सूरज मिश्र के विरुद्ध पूर्व में कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट, मारपीट, धमकी सहित अन्य धाराएं शामिल हैं। वहीं श्याम त्रिपाठी के विरुद्ध भी थाना छावनी, हर्रैया, दुबौलिया और परसरामपुर में विभिन्न मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक हर्रैया संजय कुमार, प्रभारी निरीक्षक छावनी राणा देवेंद्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अजय कुमार मिश्र, कामेश्वर मिश्र, मनोज यादव सहित पुलिस टीम शामिल रही।