आयुष चिकित्सकों ने किया मानदेय विसंगति दूर करने की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

आयुष चिकित्सकों ने किया मानदेय विसंगति दूर करने की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

21 सितम्बर से आन्दोलन की चेतावनी

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। बुधवार को आयुष डॉक्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन प्रदेश नेतृत्व के आवाहन पर जिलाध्यक्ष डा. वी.के. वर्मा के नेतृत्व में पदाधिकारियों, चिकित्सकों के प्रतिनिधि मण्डल ने जिलाधिकारी के प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर समस्याओं के निस्तारण की मांग किया।

मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में प्रदेश में कार्यरत करीब 4 हजार आयुष चिकित्सकों के मानदेय में कथित विसंगति को लेकर आयुष डॉक्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा मानदेय में समानता सुनिश्चित करने के लिए 20 सितंबर 2026 तक सकारात्मक निर्णय लिए जाने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर 21 सितंबर को सुबह 8 बजे से विरोध-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गई है।

ज्ञापन देने के बाद जिलाध्यक्ष डा. वी.के. ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), उत्तर प्रदेश के तहत प्रदेश के विभिन्न जनपदों में लगभग 4,000 आयुष चिकित्सक (मेनस्ट्रीम/आरबीएसके) लंबे समय से सेवाएं दे रहे हैं। वर्ष 2009-10 और 2010-11 में आयुष चिकित्सकों तथा एमबीबीएस चिकित्सकों का मानदेय समान रूप से 24 हजार रुपये प्रतिमाह था। एसोसिएशन का दावा है कि वर्तमान में एमबीबीएस चिकित्सकों का बेसिक मानदेय 1 लाख रुपये प्रतिमाह तक पहुंच गया है, जबकि आयुष चिकित्सकों का बेसिक मानदेय 32 हजार रुपये प्रतिमाह है। उन्होने प्रदेश के लगभग 4,000 आयुष चिकित्सकों के हित को ध्यान में रखते हुए मानदेय की विसंगति को 20 सितंबर तक दूर करने के लिए आवश्यक सकारात्मक निर्णय लिये जाने का आग्रह किया।

एसोसिएशन ने पत्र में स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय तक समाधान नहीं हुआ तो 21 सितंबर 2026 को सुबह 8 बजे प्रदेश के आयुष चिकित्सक सामूहिक रूप से अपनी न्यायोचित मांग के समर्थन में विरोध-प्रदर्शन करेंगे।

ज्ञापन देने वालों में डा. नफीस खान, डा. सतीश चन्द्र चौधरी, डा. जुनेद खान, डा. दिनेश सिंह कुशवाहा, डा. श्रद्धा सिंह, डा. इन्द्रेश चौधरी, डा. राम प्रकाश, डा. पी.एन. चौधरी, डा. प्रदीप शुक्ल, डा. अनिल मिश्रा, डा. धर्मेन्द्र, डा. सुनील सौरभ, डा. अमिश कुमार आदि शामिल रहे।