बहराइच: घंटाघर से पीपल चौराहे तक अतिक्रमण का कब्जा, सड़क पर सजी दुकानें, राहगीर परेशान

बहराइच: घंटाघर से पीपल चौराहे तक अतिक्रमण का कब्जा, सड़क पर सजी दुकानें, राहगीर परेशान

 

बहराइच। शहर के मुख्य बाजार में अतिक्रमण की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। घंटाघर से पीपल चौराहे तक सड़क की दोनों पटरियों पर दुकानदारों ने अपना सामान सड़क तक फैला रखा है, जिससे आम लोगों का चलना-फिरना मुश्किल हो गया है। तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह कपड़ों के स्टैंड, जूते-चप्पल और अन्य सामान फुटपाथ से हटकर मुख्य सड़क पर सजा दिए गए हैं। आधी से ज्यादा सड़क पर अतिक्रमण होने से आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहारों के सीजन में भीड़ और बढ़ जाती है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही है। स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार ई-रिक्शा और बाइकों की वजह से हादसे का भी खतरा बना रहता है। नगरवासियों ने नगर पालिका और जिला प्रशासन से मांग की है कि घंटाघर से पीपल चौराहा मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, ताकि यातायात सुचारु हो सके और राहगीरों को राहत मिल सके।