12 सितंबर को होगी राष्ट्रीय लोक अदालत, अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण पर जोर
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश बस्ती श्री शमसुल हक के मार्गदर्शन में 12 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जनपद न्यायालय, कलेक्ट्रेट मुख्यालय एवं सभी तहसील मुख्यालयों पर किया जाएगा।
राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर सोमवार को बैंकों के पदाधिकारियों की प्री-ट्रायल बैठक आयोजित की गई। प्रथम अपर जिला जज श्री कमलेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में भारतीय स्टेट बैंक, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन ओवरसीज बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, यूबीआई बस्ती, इंडियन बैंक, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक, सेंट्रल बैंक एवं केनरा बैंक के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी श्री प्रमोद कुमार गिरि ने बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक प्री-लिटिगेशन मामलों को चिन्हित कर लोक अदालत में नियत कराया जाए तथा सुलह-समझौते के आधार पर उनके निस्तारण का हर संभव प्रयास किया जाए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री देवेन्द्र कुमार-प्रथम ने बताया कि लोक अदालत में आपराधिक शमनीय वाद, धारा 138 परक्राम्य लिखत अधिनियम के मामले, बैंक वसूली, मोटर दुर्घटना प्रतिकर याचिकाएं, श्रम एवं पारिवारिक विवाद, भूमि अधिग्रहण, विद्युत एवं जलकर विवाद, वेतन एवं सेवानिवृत्ति लाभ से जुड़े सेवा विवाद, राजस्व वाद तथा विभिन्न सिविल वादों का निस्तारण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ऐसे अन्य मामले, जिनका निस्तारण सुलह एवं समझौते के आधार पर संभव है, उन्हें भी अधिक से अधिक संख्या में लोक अदालत में नियत कर निस्तारित कराने का प्रयास किया जाएगा।