रिजर्व पुलिस लाइन में हर्षोल्लास से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर रिजर्व पुलिस लाइन बस्ती स्थित मंदिर परिसर में धार्मिक एवं पारंपरिक वातावरण में जन्मोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर मंडलायुक्त बस्ती, पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र, जिलाधिकारी बस्ती, पुलिस अधीक्षक बस्ती एवं सहायक पुलिस अधीक्षक ने अपने परिवार तथा पुलिस परिवार के सदस्यों के साथ विधि-विधान से हवन-पूजन किया।

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण का पूजन-अर्चन कर प्रदेश एवं जनपदवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर सभी के जीवन में हर्षोल्लास बना रहे तथा नंदलाल की कृपा से प्रत्येक घर-आंगन में खुशहाली, समृद्धि, सुख और संपन्नता आए, इसके लिए प्रार्थना की गई।

धार्मिक आयोजन के दौरान लोगों ने भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। साथ ही प्रत्येक हृदय में सत्य, साहस, सिद्धांत, न्याय, कर्मठता, संस्कार, धर्म, कर्म एवं आत्मबल की भावना विकसित होने की कामना की गई।

जन्माष्टमी के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिस परिवार के सदस्यों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विधि-विधान से संपन्न हवन-पूजन के बाद सभी ने भगवान श्रीकृष्ण से जनकल्याण एवं समाज में शांति और सद्भाव की प्रार्थना की।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी हरैया, क्षेत्राधिकारी लाइन, पीआरओ पुलिस अधीक्षक बस्ती, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद रहे।