शिक्षक जीवन की दिशा तय करने वाला दूरदर्शी पथ-प्रदर्शक : ओम प्रकाश आर्य

शिक्षक जीवन की दिशा तय करने वाला दूरदर्शी पथ-प्रदर्शक : ओम प्रकाश आर्य

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। स्वामी दयानंद विद्यालय, सुरतीहट्टा, बस्ती में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों द्वारा वैदिक यज्ञ एवं आहुतियों के साथ हुआ। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने गीत, कविताओं एवं ओजस्वी व्याख्यानों की प्रस्तुति देकर अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।

विद्यार्थियों ने भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन-चरित्र और कृतित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने डॉ. राधाकृष्णन के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प भी लिया।

समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रबंधक ओम प्रकाश आर्य ने कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान देने वाला माध्यम नहीं, बल्कि वह दूरदर्शी पथ-प्रदर्शक है, जो विद्यार्थियों को जीवन की सही दिशा दिखाता है। शिक्षा केवल अक्षरों का ज्ञान प्राप्त करना नहीं, बल्कि आत्म-निर्माण और जीवन जीने की कला है। उन्होंने कहा कि इस कला में विद्यार्थियों को निपुण बनाने में शिक्षक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर शिक्षक अरविंद श्रीवास्तव, नितीश कुमार, अनूप कुमार त्रिपाठी, अनीशा मिश्रा एवं दिनेश कुमार मौर्य ने भी गुरु की महिमा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सफल एवं सुसंस्कृत जीवन के लिए सच्चे गुरु का मार्गदर्शन आवश्यक है।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाध्यापक आदित्य नारायण गिरि ने समारोह में उपस्थित शिक्षकों, अतिथियों एवं विद्यार्थियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह में विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।