राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी से मिले पूर्व कैबिनेट मंत्री राजकिशोर सिंह, विभिन्न मुद्दों पर हुई सौहार्दपूर्ण चर्चा
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री एवं पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी के जनपद प्रथम आगमन पर आयोजित स्वागत समारोहों की शृंखला का समापन देर रात होटल सुयश पैलेस में रात्रि भोज के साथ हुआ।
रात्रि भोज के दौरान प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री राजकिशोर सिंह और भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी की आत्मीय मुलाकात हुई। इस दौरान दोनों दिग्गजों के बीच अत्यंत सौहार्दपूर्ण माहौल में विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
उल्लेखनीय है कि हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री का दायित्व मिलने के बाद पहली बार बस्ती पहुंचने पर पूरे दिन कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जगह-जगह भव्य स्वागत किया। दिनभर चले अभिनंदन कार्यक्रमों के बाद आयोजित इस रात्रि भोज में भी समर्थकों व शुभचिंतकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
होटल सुयश पैलेस में सम्पन्न इस आयोजन में बस्ती जिले की कई अन्य प्रमुख हस्तियां और वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे, जिन्होंने हरीश द्विवेदी को नई सांगठनिक जिम्मेदारी मिलने पर बधाई व शुभकामनाएं दीं।